
मुकेश हिंगड़ उदयपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजस्थान यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर अजब-गजब के संदेश चल रहे हैं। जयपुर में 7 जुलाई को विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ होने वाली पीएम मोदी की सभा और कार्यक्रम को लेकर प्रशासन को दी जिम्मेदारियों को जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर कई प्रकार के संदेश बना दिए गए जो धनाधन एक-दूसरे ग्रुप में फॉरवर्ड किए जा रहे हैं।
नहीं तो जयपुर छोड़ दिए जाएंगे....
सवाईमाधोपुर जिला शिक्षाधिकारी का एक आदेश भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया कि पटवारी व ग्राम सेवकों से लाभार्थियों की सूची प्राप्त कर उनको बस में बिठाने का सहयोग प्रदान करें। इसके आदेश की कॉपी के साथ सोशल मीडिया पर एक संदेश जोड़ दिया जिसमें आज रात को घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है, भुलवश निकले तो अपहरण कर जयपुर छोड़ दिया जाएगा। जनहित में जारी।
कलक्टर हुए कन्फयूज
आईएएस को जब लाभार्थियों को जुटाने की जिम्मेदारी दी तो वे कन्फयूज हो गए कि ट्रेनिंग में भीड को नियंत्रित करना तो सिखाया लेकिन भीड़ जुटाने की नौबत पहली बार आई।
मोदी ने सही कहा था
कांग्रेस के ग्रुप में एक संदेश चल रहा कि मोदी ने सही कहा था कि 60 साल में जो नहीं हुआ वो भाजपा करेगी, आखिर भाजपा ने मोदी की सभा में भीड़ जमा करने का भाड़ा भी सरकारी खजाने से जो दे रहे।
पहला पीएम लाभ देकर मिलने आ रहा
एक संदेश चल रहा है देश का पहला प्रधानमंत्री मोदी होंगे जो लोगों को लाभ देने के साथ-साथ लाभ लेने वालों के सामने होंगे। देश बदला है यह लोगों को जयपुर में पता चलेगा।
मुझे भी बुलाते मै पीडि़त हूं
एक संदेश चल रहा कि मै पीएम आवास योजना से लाभान्वित नहीं वरन पीडि़त जो है उनको भी बुलाते, लाभान्वितों के साथ-साथ योजनाओं से पीडि़त वालों की अलग बसें लगा देते।