उदयपुर

उदयपुर एलिवेटेड रोड पर बड़ा अपडेट, 115 में से 55 पिलर तैयार, अगले साल पूरा होगा 137 करोड़ का प्रोजेक्ट

Udaipur Elevated Road: पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर शहर में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया। सिटी स्टेशन से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान कटारिया ने करीब 200 मीटर तक चलकर कार्य की प्रगति देखी।

2 min read
May 06, 2026
Udaipur elevated road
उदयपुर में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करते पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया। फोटो: पत्रिका

उदयपुर। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर शहर में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया। साथ ही अलग-अलग आयोजनों में शामिल हुए। सिटी स्टेशन से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान कटारिया ने करीब 200 मीटर तक चलकर कार्य की प्रगति देखी। एलिवेटेड रोड की डिजाइन और चौड़ाई पर पर बात करने के साथ ही गुणवत्ता पर जोर दिया। कटारिया ने स्पष्ट किया कि काम की गुणवत्ता में समझौता नहीं होना चाहिए।

एलिवेटेड रोड बनने के बाद उदयपुर शहर को यातायात की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। इस दौरान अधिकारियों ने प्रोजेक्ट अगले साल अप्रेल तक पूरी होने की बात कही। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, रविन्द्र श्रीमाली, अतुल चंडालिया, कन्हैया वैष्णव, दीपक बोल्या, अर्चना शर्मा, अरविंद जारोली, अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा मौजूद थे।

इन विषयों पर मंथन

एलिवेटेड रोड के 115 खंभों में से 55 तैयार हो चुके हैं। कंपनी ने पिलर निर्माण में आ रही तकनीकी दिक्कतों से डिजाइन और कार्य की गति प्रभावित होना बताया। कटारिया ने एलिवेटेड रोड पर पेंसिल डिवाइडर लगाने के निर्देश दिए। विधायक जैन ने आकर्षक लाइटिंग की बात कही, इस पर अधिकारियों ने सहमति जताई। एलिवेटेड रोड के नीचे वाहनों की पार्किंग की जाएगी, जिससे शहर में वाहन पार्किंग के लिए जगह की कमी को लेकर भी काफी हद तक राहत मिलेगी।

136.89 करोड़ रुपए होंगे खर्च

बता दें कि उदयपुर में सिटी रेलवे स्टेशन से कोर्ट चौराहा तक 2.7 किमी लंबा टू-लेन एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जारी है। इस प्रोजेक्ट पर कुल 136.89 करोड़ रुपए खर्च होंगे। एलिवेटेड रोड का काम अगले साल तक पूरा हो जाएगा। एलिवेटेड रोड पर वाहनों के संचालनों के साथ ही उदयपुरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

एमबी हॉस्पिटल: लीवर क्लिनिक और कार्डियक कैथ लैब का लोकार्पण

एमबी अस्पताल में प्रदेश के पहले जन आरोग्य लीवर क्लिनिक और अत्याधुनिक कार्डियक कैथ लैब का लोकार्पण राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया। इससे लीवर रोगों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। आयोजन के दौरान आरएनटी मेडिकल कॉलेज और एमबी अस्पताल के विकास को लेकर चर्चा की गई। विधायक ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, कलक्टर गौरव अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. राहुल जैन, एसएसबी अधीक्षक डॉ. विपिन माथुर, एमबी अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा मौजूद थे।

एयरपोर्ट पर अगवानी

कटारिया के डबोक एयरपोर्ट पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसी दौरान भाजपा नेता डॉ. सतीश पूनिया भी पहुंचे तो उन्होंने भी कटारिया से मुलाकात की। यहां से कटारिया और पूनिया वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी के निवास पर पहुंचे, जहां उनके पिता के निधन पर शोक जताया।

Updated on:
06 May 2026 02:04 pm
Published on:
06 May 2026 12:47 pm