Rajasthan Cyber Fraud Alert: साइबर ठग अब RBI के फर्जी नोटिस भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। व्हाट्सएप पर APK या ZIP फाइल भेजकर खाते पर कार्रवाई का डर दिखाया जाता है। PIB फैक्ट चेक ने ऐसे संदेशों को फर्जी बताया है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि इन फाइलों को डाउनलोड करने से मोबाइल हैक होकर बैंकिंग डेटा, OTP और पासवर्ड चोरी हो सकते हैं।

RBI Fake Notice Fraud: उदयपुर: साइबर ठग अब आरबीआई के नाम का झांसा देकर लोगों और कंपनियों को निशाना बना रहे हैं। व्हाट्सएप पर आरबीआई की ओर से कथित नोटिस भेजकर खातों पर कार्रवाई का डर दिखाया जा रहा है। इसके साथ जिप या एपीके (एंड्रॉइड पैकेज किट) फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने को कहा जाता है। केंद्र की एजेंसी पीआइबी फैक्ट चेक ने ऐसे संदेशों को फर्जी बताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मैसेज की जांच की। जांच में सामने आया कि आरबीआई इस प्रकार व्हाट्सएप पर नोटिस भेजकर जिप या एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता। पीआईबी ने स्पष्ट किया कि वायरल संदेश पूरी तरह फर्जी है और लोगों को इनके झांसे में नहीं आना चाहिए।
पीआईबी ने सलाह दी है कि किसी भी अनजान नंबर से मिलने वाले लिंक, जिप फाइल या एपीके फाइल डाउनलोड न करें। ऐसे संदेश मिलने पर तुरंत उन्हें डिलीट करें और संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दें।
एपीके फाइलें एंड्रॉयड एप्लिकेशन इंस्टॉल करने के लिए उपयोग होती हैं। यदि अज्ञात स्रोत से एपीके डाउनलोड कर लेते हैं तो मोबाइल में हानिकारक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल हो सकता है। इससे बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील डेटा चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है।
किसी भी मैसेज में तत्काल कार्रवाई का दबाव, खाते को बंद करने की धमकी, अनजान नंबर से संपर्क, जिप या एपीके फाइल का अटैचमेंट और संदिग्ध भाषा का इस्तेमाल दिखे तो सतर्क रहें। मैसेज पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी अवश्य जांचें।