उदयपुर

चुनाव ड्यूटी में उलझी राजस्थान पुलिस तो बदमाशों की हो रही मौज: दो महीने में 44% गिरा गिरफ्तारी का ग्राफ

Rajasthan Police Arrest Statistics: राजस्थान में पुलिस की गिरफ्तारी का ग्राफ लगातार दो महीने गिरा है। सितंबर और अक्टूबर में 8,610 कम गिरफ्तारियां हुईं। चुनावी ड्यूटी के बीच पुलिस की कार्रवाई प्रभावित होने की बात सामने आई है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 3:58 PM IST
Rajasthan Police Arrest Statistics
Ai Generated Image

उदयपुर. अपराधियों की धरपकड़ में राजस्थान पुलिस की सक्रियता का पैमाना गिरफ्तारियों के आंकड़ों से भी समझा जा सकता है। पिछले करीब ढाई साल के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में हर महीने औसतन 16 से 20 हजार लोगों की गिरफ्तारी होती रही। कई महीनों में यह आंकड़ा 20 हजार के पार भी पहुंचा। दिसंबर 2025 में सर्वाधिक 20 हजार 864 गिरफ्तारियां दर्ज की गई। लेकिन, बीते सितंबर से गिरफ्तारी का ग्राफ अचानक नीचे आने लगा। अक्टूबर में यह आंकड़ा घटकर 11 हजार 560 रह गया। यानी दो महीने में ही गिरफ्तारियों में 8 हजार 610 की कमी दर्ज हुई। प्रदेश में मासिक गिरफ्तारी के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो जुलाई 2024 से बीते अगस्त तक अधिकांश महीनों में पुलिस की कार्रवाई का स्तर 16 से 20 हजार के बीच बना रहा। नवंबर 2024 में 20 हजार 855 और दिसंबर 2025 में 20 हजार 864 गिरफ्तारियां दर्ज हुई। मार्च 2025 में भी 19 हजार 974 और इस साल के मार्च में 20 हजार 523 गिरफ्तारियां हुई। इससे स्पष्ट है कि पुलिस की नियमित और निवारक कार्रवाई के तहत गिरफ्तारी का आंकड़ा लगातार ऊंचा बना हुआ था।

ऐसे गिरता गया ग्राफ

बीते सितंबर में गिरफ्तार बदमाशों की संख्या घटकर 14 हजार 177 रह गई। अक्टूबर में इसमें और गिरावट आई और आंकड़ा 11 हजार 560 पर सिमट गया। दिसंबर 2025 के रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो अक्टूबर में गिरफ्तारियां करीब 44.6 प्रतिशत कम रहीं।

ऐसे बनी रही व्यस्तता

गिरावट के पीछे पुलिस की चुनावी व्यस्तता भी एक अहम वजह है। पहले नगर निकाय और फिर पंचायतीराज चुनावी ड्यूटी में पुलिस बल की तैनाती ने नियमित पुलिसिंग के लिए उपलब्ध संसाधनों पर दबाव बढ़ाया। ऐसे में विशेष अभियानों की गति प्रभावित होना स्वाभाविक है।

अब आगे रहेगी चुनौती

खास बात यह है कि गिरफ्तारी के आंकड़ों में गिरावट केवल किसी एक महीने का उतार-चढ़ाव नहीं, बल्कि लगातार दो महीनों से जारी कमी है। ऐसे में चुनावी व्यस्तता समाप्त होने के बाद पुलिस की नियमित गश्त, धरपकड़ और अपराध नियंत्रण अभियानों की गति किस तरह लौटती है, यह चुनौती है।

आंकड़ों में गिरफ्तारी का उतार-चढ़ाव

नवंबर 2024: 20855
दिसंबर 2025: 20864
मार्च 2026: 20523
अगस्त 2026:18587
सितंबर 2026 : 14177
अक्टूबर 2026 : 11560

Updated on:
11 Nov 2026, 3:58 PM IST
Published on: