
Rajasthan Pre-monsoon Rain उदयपुर। मेवाड़ में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 11 जून से क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि इसके एक सप्ताह बाद मानसून (Monsoon 2026) की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। उधर, मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 11 जून से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में फिर से आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
मौसमविद् नरपत सिंह राठौड़ ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून की दोनों शाखाएं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी नमी से भरे बादलों के साथ तेजी से देश के भीतरी भागों की ओर बढ़ रही हैं। इसके प्रभाव से दक्षिणी महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, भीतरी कर्नाटक, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में मानसून पूर्व की अच्छी वर्षा हो रही है।
उन्होंने बताया कि अगले 36 घंटों में मानसून के मुंबई पहुंचने की संभावना है। इसके बाद महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं बंगाल की खाड़ी की शाखा अगले तीन-चार दिन में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तर-पूर्वी भारत तक पहुंच जाएगी।
मेवाड़-वागड़ और हाड़ौती क्षेत्र में अगले दो से तीन दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं। इस दौरान तेज हवा के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो 11 जून के आसपास प्री-मानसून वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।
उधर, राजस्थान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोम के परिसंचरण तंत्र के कमजोर होने से प्रदेश में अब फिर गर्मी बढ़ना शुरू हो रही हैष हालांकि एक-दो दिन आंधी व बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक सोमवार से गर्मी बढ़ने और हीटवेव चलने के आसार हैं। बता दें कि रविवार को बीकानेर, टोंक, अलवर, दौसा, सीकर, भीलवाड़ा सहित कई शहरों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम केंद्र के अनुसार 8 से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है।