
मृतक अजय पासवान। फोटो: पत्रिका
उदयपुर। भूपालपुरा थाना क्षेत्र के आयड़ छीपा मोहल्ला में रह रहे झारखंड मूल के युवक की हत्या मामले में हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। चाकू घोंपकर हत्या करने वाला उसी का साथी किशोर निकला। वह दोस्त की हत्या के बाद शव को पलंग पेटी (बक्से) में डालकर झारखंड जाने के लिए ट्रेन से भाग छूटा। स्थानीय पुलिस के अलर्ट पर अजमेर जीआरपी और स्पेशल टीम ने नाबालिग को अजमेर रेलवे स्टेशन पर निरुद्ध कर लिया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
भूपालपुरा थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि घटना बुधवार देर रात करीब 1.30 बजे की है। झारखंड में रातेहाड़ जिले के बहरी टाउन निवासी अजय पासवान (21) की हत्या हो गई। वह अपने क्षेत्र के अन्य साथियों के साथ आयड़ क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। एक ही कमरे में रहने वाले बाल अपचारी ने अजय को झारखंड साथ चलने को कहा था। अजय के मना करने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। नशे की हालत में बाल अपचारी ने चाकू से अजय के गले पर वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अपचारी शव को पलंग पेटी में दबाकर झारखंड जाने के लिए निकल गया।
उसने असारवा से जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ते ही ठेकेदार को कॉल करके झारखंड जाने की बात कही। देर रात अचानक आए कॉल से ठेकेदार को संदेह हुआ तो उसने अन्य श्रमिकों को मौके पर भेजा। कमरे में खून के निशान और पेटी में शव देखकर श्रमिकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात 3 बजे शव को एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाने के साथ ही परिवार को वारदात की सूचना दी है। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाते हुए शव सौंपा।
पुलिस ने तुरंत ही ट्रेन के पीछे स्पेशल टीम लगा दी, वहीं चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और अजमेर जीआरपी को अलर्ट कर दिया। ट्रेन में भीड़ के कारण चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में तो आरोपी को नहीं पकड़ा जा सका, लेकिन अजमेर स्टेशन पर जाल बिछाए बैठी जीआरपी ने बाल अपचारी को निरुद्ध कर उदयपुर पुलिस टीम के हवाले किया। टीम अपचारी को उदयपुर ले आई। जहां पर उससे पूछताछ जारी है।
Updated on:
24 Jul 2026 10:42 am
Published on:
24 Jul 2026 10:42 am
