उदयपुर

मक्का-मदीना में फंसे राजस्थान के 5 हजार उमराह यात्री, फ्लाइट्स रद्द होने से बढ़ा संकट; वापसी की तारीख तय नहीं

सऊदी अरब में एयरलाइन परिचालन बाधित होने से राजस्थान के करीब 5,000 उमराह यात्री मक्का और मदीना में फंस गए हैं। जयपुर, उदयपुर, कोटा, नागौर और जोधपुर सहित कई जिलों के जायरीन की घर वापसी की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
2 min read
• •
Oct 16, 2026
rajasthan umrah pilgrims
होटल में मौजूद राजस्थान के उमराह यात्री (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Umrah Pilgrims: उदयपुर: सऊदी अरब में हमले के बाद उड़ानें निरस्त होने से राजस्थान के करीब पांच हजार उमराह यात्रियों की घर वापसी का कार्यक्रम गड़बड़ा गया है। उदयपुर, जयपुर, कोटा, नागौर, जोधपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ जिले सहित कई जिलों के जायरीन मक्का-मदीना में रुके हुए हैं। एयरलाइंस ने टिकट निरस्त होने और रिफंड के संदेश भेज दिए, लेकिन नई उड़ानों की तारीख स्पष्ट नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

बता दें कि अब उनके सामने वैकल्पिक फ्लाइट में सीट तलाशने, महंगे किराए और अतिरिक्त दिनों तक ठहरने का खर्च उठाने की चुनौती है। वापसी के टिकट पर 35 हजार रुपए अतिरिक्त खर्च होने की आशंका है। वतन वापसी में देर होने से अब यात्रियों को शादी से लेकर नौकरी तक की चिंता सता रही हैं।

वापसी की तारीख तय नहीं

एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा और खाड़ी क्षेत्र की कुछ अन्य एयरलाइंस की उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों के यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद से जुड़ी उड़ानों पर भी असर पड़ा है। टिकट रद्द होने के बाद कुछ यात्री रिफंड लेकर दूसरी फ्लाइट में सीट तलाश रहे हैं, जबकि कई उड़ानों का संचालन बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।

उमराह यानी पवित्र धार्मिक यात्रा

उमराह इस्लाम में की जाने वाली एक पवित्र धार्मिक यात्रा है, जिसे मुसलमान सऊदी अरब के मक्का शहर में स्थित काबा शरीफ और मस्जिद अल-हरम में संपन्न करते हैं। हज के विपरीत, उमराह साल में किसी भी समय किया जा सकता है। भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों से लाखों मुसलमान हर साल उमराह करने सऊदी अरब पहुंचते हैं।

होटल-खाने का खर्च भी बढ़ा

निर्धारित अवधि से अधिक रुकने के कारण होटल, भोजन और अन्य जरूरतों पर खर्च बढ़ रहा है। टूर पैकेज से गए कुछ यात्रियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था टूर ऑपरेटर कर रहे हैं, जबकि खुद की व्यवस्था से गए यात्रियों को खर्च खुद उठाना पड़ रहा है। फिलहाल, उन्हें भारतीय दूतावास से सीधे संपर्क करने की जरूरत महसूस नहीं हुई है। उधर, रियाद स्थित भारतीय मिशन ने सऊदी में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं।

यात्रियों ने बताई अपनी पीड़ा

टिकट निरस्त होने और रिफंड के मैसेज मिलने के बावजूद नई फ्लाइट की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। घर पर फोन से बात हो जाती है, लेकिन सभी परिजन चिंतित हैं।
-मकबूल अहमद सिंधी, खेरादीवाड़ा उदयपुर

फ्लाइट नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है। परिजन से लगातार संपर्क में हैं। अभी मक्का में रहकर इबादत कर रहे है। फ्लाइट कब शुरू होगी इसे लेकर इंतजार कर रहे हैं।
-शबाना परवीन, उदयपुर

Updated on:
16 Oct 2026 01:26 pm
Published on:
16 Oct 2026 01:26 pm