
उदयपुर। उदयपुर जिला प्रमुख और प्रधान पदों के बाद अब पंचायत समितियों में उप प्रधान पदों के निर्वाचन के साथ पंचायती राज चुनाव की प्रक्रिया एक और पड़ाव पार कर गई। जिले की पंचायत समितियों में हुए चुनाव में भाजपा ने सर्वाधिक उप प्रधान पदों पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस ने भी छह पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर अपनी मौजूदगी बनाए रखी। एक पंचायत समिति में निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी। वल्लभनगर और कल्याणपुर में भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं ओगणा पंचायत समिति में निर्वाचन प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी।
दरअसल, उदयपुर जिले की ओगणा पंचायत समिति में उप प्रधान पद के चुनाव (Ogana Panchayat Samiti Up Pradhan Election) के दौरान मतगणना में एक अतिरिक्त वोट मिलने से चुनाव प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। 15 सदस्यों वाली पंचायत समिति में मतगणना के दौरान 16 वोट सामने आने से निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद उप प्रधान पद का चुनाव अटक गया है। अब पूरे मामले में राज्य निर्वाचन विभाग के निर्णय पर निगाहें टिकी है।
उप प्रधान पद के लिए कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी ममता गरासिया और भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी वदामी लाल के बीच मुकाबला था। मतदान के बाद जब मतगणना की गई तो कुल 15 की जगह 16 वोट सामने आए। निर्धारित सदस्यों से एक वोट अधिक मिलने पर मौके पर असमंजस की स्थिति बन गई और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
मामले में रिटर्निंग अधिकारी बद्रीलाल ने मानवीय भूल के कारण वोटों की संख्या अधिक होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। अब राज्य निर्वाचन विभाग से मिलने वाले दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मामले की जानकारी ओगणा से झाड़ोल उपखंड अधिकारी चिमनलाल के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंचाई गई। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेज दी गई है। विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।