पसंदीदा बैग के लिए मचल रहे नौनिहाल
प्रमोद सोनी/ उदयपुर. एक ओर जहां अभिभावक अपने बच्चों के लिए क्वालिटी एज्यूकेशन पर विशेष फोकस करते हुए महंगे और नामचीन स्कूलों का चयन करते हैं वहीं दूसरी ओर बच्चे भी ब्राण्डेड बैग्स सहित स्टाइलिश वॉटर बॉटल्स और लंच बॉक्स के प्रति खासे दीवाने नजर आते हैं।
नन्हे-मुन्नों की पसंद बने पिट्ठू बैग
एक जमाना था जब विद्यार्थी कपड़े और लेदर-चमड़े के थैलों में पठन-पाठन सामग्री लेकर स्कूल जाया करते थे। इसी तरह, इंटरवल का खाना एल्यूमिनियम और पीतल-स्टील के टिफिन बॉक्स में साथ जाता था। टीवी, सिनेमा के विज्ञापनों और बदलते दौर में बदले बाजार ने बच्चों की पसंद को इस कदर बदल दिया कि हर पीठ पर आज कपड़े, चमड़े-लेदर से बने क्रॉस बैग्स की जगह पिट्ठू बैग्स देखे जा सकते हैं।
लड़कियां भी हैं दीवानी
स्टाइलिश ब्रांण्डेड बैग्स का क्रेज केवल बच्चों तक ही सीमित नहीं है। स्कूल-कॉलेज गल्र्स भी इनकी खासी दीवानी हैं। इतना ही नहीं, शॉपिंग करते समय और ट्रेवलिंग के दौरान भी टीन एजर्स इन दिनों ऐसे बैग्स का इस्तेमाल करने लगे हैं। कारण पूछे जाने पर नेहा तपाक् से कहती है आकर्षक होने के साथ-साथ ‘हैंड्स फ्री’ होने तथा दोनों शोल्डर्स पर वेट बराबर रहने से ज्यादा सुविधाजनक और आरामदायक रहते हैं।
बैग्स कैसे-कैसे
शहर के बापू बाजार, सूरजपोल, दुर्गानसरी रोड़, उपनगरीय क्षेत्र हिरण मगरी सहित अन्य जगह स्कूल बैग्स और स्टेशनरी आयटम्स की दूकानों पर इन दिनों बच्चों संग पैरेट्स की भीड़ देखी जा सकती है। जहां छोटे बच्चों में डोरेमोन, एवेंजर्स, छोटा भीम, छोटू-मोटू, मिकी माऊस जैसे आकर्षक बैग की डिमांड सर्वाधिक है। इसी तरह, गल्र्स में फेदर्स, हार्ट शेप, स्ट्रॉबैरी, हेल्लो किट्टी और वाटरप्रूफ व एक्यूप्रेशर बैग्स का क्रेज साफ नजर आता है। जिनकी औसत कीमत 300 से लेकर 1500 रुपए होती है।
बदल गईं वॉटर बॉटल्स भी
कमोबेश हर माता-पिता अपने बच्चों के लिए गुणवत्तायुक्त टिफिन बॉक्स के साथ अच्छी वॉटर बॉटल का चयन करते हैं। उपभोक्ता की इसी डिमांड के चलते बाजार में इन दिनों हाई क्वालिटी प्रॉडक्ट्स का बूम आया हुआ है। पेरेन्ट्स मुंह मांगे दामों पर बच्चों के लिए ब्राण्डेड कंपनी के लंच बॉक्स और वॉटर बॉटर लेना पसंद कर रहे हैं। शॉपकीपर्स दीपक व जयंत चोटरानी बताते हैं कि 24 घंटे ठंडा-गरम रखने वाली स्टील व ब्राण्डेड प्लास्टिक बॉटल्स और चार से छह घंटे खाना गर्म रखने वाले लंच बॉक्स भी 150 से हजार आठ सौ रुपए तक में उपलब्ध हैं।