
कानोड़. मेला विकास समिति व नगर पालिका के साझे में आयोजित चामुण्डा माता मेले में दिन भर मेलार्थियों की भीड़ रही। चामुण्डा माता की प्रतिमा को विशेष शृंगार धराया गया । मंदिर प्रांगण में आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीणों व नगर वासियो की मौजूदगी में नवचण्डी का हवन हुआ । मां के दर्शनों के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा । मेले में मेलार्थियों ने जमकर चाट पकोड़ी , ठण्डे पेय के साथ खरीदारी का आनंद लिया । रात नौ बजे पालिकाध्यक्ष अनिल शर्मा ने रावण के पुतले को जलाया ।
मेला आज
कस्बे के निकट चक्रभवानी शक्तिपीठ प्रांगण में शनिवार को दिन में मेला लगेगा, वहीं भजन संध्या होगी । मंदिर मण्डल के कोषाध्यक्ष पन्नालाल उपाध्याय ने बताया कि मेले में आने वाले व्यापारियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। मेले की तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है। रात्रि में भजन गायक धर्मेन्द्र चारभुजा व मोहितराज मारवाड़ प्रस्तुति देंगे।
गुड़ली. डबोक स्थित उदयपुर सीमेन्ट वक्र्स श्रीपति नगर में महिला क्लब के तत्वावधान में विशाल मेला शनिवार शाम ६.३० बजे से भरेगा। मेले का मुख्य आकर्षण ११ लकी ड्रा रहेंगे। साथ ही सांत्वना पुरस्कार बम्पर हाउजी, स्वादिष्ट व्यंजनों की स्टॉलें बच्चों के मनोरंजन के लिए गुब्बारा शुटिंग, गेम, झूले आदि लगाए जाएंगे।
गातोड़ जी का मेला आज से
जयसमंद. वीरपुरा ग्राम पंचायत के वीरपुरा गांव में स्थित राजा वासक गातोडज़ी शेषावतार का दो दिवसीय मेला शनिवार से भरेगा । वीरपुरा केसरी नंदन नवयुवक मंडल अध्यक्ष रूपेश पटेल ने बताया कि मेले की ग्राम पंचायत, गातोड़ जी मानव सेवा ट्रस्ट मुंबई व नवयुवक मंडल ने तैयारियां पूर्ण कर ली है । मेले में गुजरात, वागड़, मेवल व छप्पन क्षेत्र के लोग हिस्सा लेंगे। मनोरंजन के लिए मौत का कुआं, चकरी व खाद्य पदार्थों की स्टालें लग गई है ।
फतहनगर. नगरपालिका मण्डल फतहनगर - सनवाड़ के तत्वावधान में दशहरा महोत्सव -2018 के दूसरे दिन गुरुवार शाम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्टार सेलिब्रिटी नाइट कार्यक्रम में बॉलीवुड परफॉर्मर रीवा राजपूत, मॉडल एवं एक्टर्स अंजलि वर्मा के अलावा कई कलाकारों ने एक से बढ़़कर एक प्रस्तुतियां दीं। लोग झूमने को मजबूर हो गए।