उदयपुर

पत्रिका एक्सक्लूसिव: 15 अगस्त से शुरू होगी नई इलेक्ट्रिक बसें, उदयपुर में ₹10 में कराएगी 3KM का सफर

Udaipur New Electric Bus: उदयपुर में 15 अगस्त से नई इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। यूसीटीएसएल ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं पहले चरण में 10 रूटों पर बसें चलेंगी और यात्री 10 रुपए में 3KM तक सफर कर सकेंगे।
3 min read
Aug 04, 2026
Udaipur Electric Bus
धोल की पाटी डिपो पर पहुंची नई इलेक्ट्रिक बसें (फोटो: पत्रिका)

Patrika Exclusive: करीब डेढ़ दशक के इंतजार के बाद आखिरकार शहर की सड़कों पर आधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बसें दौड़ने को तैयार हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर को पर्यावरण अनुकूल और अत्याधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उदयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (यूसीटीएसएल) ने संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। धोल की पाटी स्थित डिपो में अब तक 8 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं।

आगामी कुछ दिन में 15 से 20 बसें और पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री अथवा राजस्थान सरकार के प्रतिनिधि इन बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत करेंगे। पहले चरण में 10 प्रमुख रूट पर बसों का संचालन शुरू होगा जिससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। ट्रैफिक का दबाव घटेगा और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। इन रूट्स पर यात्री 10 रुपए देकर 3 किमी का सफर कर सकेंगे।

9 व 12 मीटर लंबाई की बसें

यूसीटीएसएल ने धोल की पाटी में लगभग 100 बसों की क्षमता वाला अत्याधुनिक डिपो तैयार किया है। वहां इलेक्ट्रिक बसों के लिए हाई कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक वर्कशॉप, चालक एवं परिचालकों के विश्राम कक्ष, प्रशासनिक कार्यालय और तकनीकी सुविधाएं विकसित की गई हैं। बसों की आपूर्ति पुणे स्थित पिनैकल मोबिलिटी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से की जा रही है। बसों का ब्रांड ईवी ईका है। इनमें 9 मीटर एवं 12 मीटर लंबाई की बसें शामिल हैं। 9 मीटर बस की कीमत लगभग 90 लाख रुपए, जबकि 12 मीटर बस की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपए बताई गई है।

ऑपरेशन निजी कंपनी करेगी

बसों का संचालन गुजरात की चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड की ओर से किया जाएगा, जिसे केंद्र सरकार की परियोजना के तहत संचालन की जिम्मेदारी मिली है। चालक ऑपरेटर कंपनी उपलब्ध कराएगी। प्रत्येक बस पर दो चालक रहेंगे। कंडक्टर यूसीटीएसएल के होंगे। टिकट संग्रह और राजस्व पूरी तरह यूसीटीएसएल के पास रहेगा। कंपनी केवल संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) का कार्य करेगी। यूसीटीएसएल ने 118 कंडक्टर की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए एजेंसी नियुक्त की गई है। वहीं डिपो मैनेजर, ट्रैफिक मैनेजर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, सहायक निरीक्षक, फ्लाइंग कैशियर सहित अन्य पदों पर भी भर्ती की प्रक्रिया जारी है। रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इन 10 रूट पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

  1. बड़गांव से बलीचा
  2. आइआइएम से भुवाणा सर्कल
  3. एकलिंगपुरा से रामपुरा चौराहा
  4. प्रतापनगर चौराहा से बड़ी जगह
  5. तितरड़ी से भुवाणा सर्कल
  6. तितरड़ी से प्रतापनगर चौराहा
  7. तितरड़ी से लोयरा

इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चेतक, हाथीपोल, देहलीगेट, सूरजपोल, फतहपुरा, भुवाणा, सेवाश्रम, शोभागपुरा, आर.के. सर्कल, बलीचा, सविना, सेक्टर क्षेत्र और अन्य प्रमुख आवासीय इलाकों को जोड़ने वाले कुल 10 रूट निर्धारित किए गए हैं।
इन मार्गों पर बसों का यात्रा समय 42 से 62 मिनट के बीच होगा।

यात्रियों के लिए तय हुआ किराया

यूसीटीएसएल ने इलेक्ट्रिक बसों का किराया भी अंतिम रूप दे दिया।

दूरी किराया रुपए में

  • 0 से 3 किमी 10
  • 3 से 5 किमी 15
  • 5 से 10 किमी 20
  • 10 से 15 किमी 30
  • 15 से 20 किमी 40
  • 20 से 25 किमी 50
  • 25 से 30 किमी 60

एयरपोर्ट सेवा 100 प्रति यात्री

इलेक्ट्रिक बस सेवा से होंगे फायदे

  • शहर में प्रदूषण और ईंधन खर्च में कमी
  • आधुनिक, वातानुकूलित और आरामदायक सफर
  • प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी
  • निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी।

शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अब तक 8 बसें डिपो पहुंच चुकी हैं, जबकि आगामी दिनों में शेष बसें भी पहुंच जाएंगी। डिपो, चार्जिंग स्टेशन, रूट प्लान, किराया निर्धारण तथा संचालन संबंधी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। हमारा प्रयास है कि 15 अगस्त से शहरवासियों को सुरक्षित, आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और समयबद्ध सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जाए।
अभिषेक खन्ना, कार्यकारी अध्यक्ष व आयुक्त, यूसीटीएसएल

Updated on:
04 Aug 2026 10:26 am
Published on:
04 Aug 2026 10:26 am