उदयपुर

उदयपुर में 64 उम्मीदवार करोड़पति: BJP के आकाश जैन सबसे अमीर, 5 प्रत्याशियों के पास 1 लाख भी नहीं

उदयपुर नगर निगम चुनाव में 64 उम्मीदवार करोड़पति हैं। बीजेपी के आकाश जैन वागरेचा 31.70 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। टॉप 10 अमीरों में BJP के 8 और कांग्रेस के 2 प्रत्याशी शामिल हैं, जबकि 6 उम्मीदवारों की संपत्ति 1 लाख रुपए से भी कम है।
2 min read
Sep 04, 2026
udaipur 64 candidates are crorepatis
आकाश जैन वागरेचा (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Udaipur Municipal Corporation Election: उदयपुर नगर निगम चुनाव में नाम वापसी की मियाद खत्म होने के साथ ही शहर की चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। चुनाव में ऐसे प्रत्याशी भी हैं, जिनके पास विधायक और सांसद से ज्यादा प्रॉपर्टी है। बीजेपी-कांग्रेस के 160 में से 64 ऐसे हैं, जिनकी पारिवारिक संपत्ति 1 करोड़ रुपए से अधिक है। वहीं, 5 ऐसे भी हैं जिनकी घोषित संपत्ति 1 लाख रुपए से भी कम है। बीजेपी ने सबसे ज्यादा करोड़पतियों को टिकट दिए हैं।

बीजेपी और कांग्रेस के 160 प्रत्याशियों में टॉप 10 अमीर प्रत्याशियों में बीजेपी के 8 और कांग्रेस के 2 हैं। टॉप 10 में 2 महिला प्रत्याशी हैं। इस चुनाव में बीजेपी की ओर से वार्ड 5 से होटल व्यवसायी आकाश जैन वागरेचा मैदान में हैं। इनकी संपत्ति सबसे ज्यादा करीब 31.70 करोड़ रुपए है। ये पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के रिश्तेदार हैं। वहीं, वार्ड 53 से सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत आंचलिया को भाजपा ने टिकट दिया है। वे पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं।

57 साल के यशवंत के पास 10.97 करोड़ से ज्यादा और पत्नी के पास 8.74 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 19,71,85,488 रुपए है। वहीं, महिलाओं में सबसे ज्यादा संपत्ति बीजेपी की डिंपल कुंवर के पास करीब 16 करोड़ की है। इसके बाद कांग्रेस की शिप्रा उपाध्याय हैं, जिनके पास 11 करोड़ की संपत्ति है।

बीजेपी के टॉप 3 में एक महिला प्रत्याशी

बीजेपी के टॉप-10 अमीर प्रत्याशियों में टॉप-5 की संपत्ति 10 करोड़ से ज्यादा है और इस सूची में सिर्फ एक महिला का नाम शामिल है। वहीं, जहां सबसे अमीर प्रत्याशी बीजेपी से हैं। 91,000 रुपए की सम्पत्ति वाली इंद्रा गमेती भी चुनाव मैदान में हैं। जो वार्ड 62 से मैदान में हैं और बीजेपी की एकमात्र प्रत्याशी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 1 लाख से भी कम है।

सबसे अमीर 10 में बीजेपी के 8 और कांग्रेस के 2 प्रत्याशी

  • वार्ड 5 से बीजेपी के आकाश जैन वागरेचा की कुल संपत्ति 31.70 करोड़
  • वार्ड 53 से बीजेपी के यशवंत जैन आंचलिया की कुल संपत्ति 19.71 करोड़
  • वार्ड 36 से बीजेपी की प्रत्याशी डिंपल कुंवर की कुल संपत्ति 15.98 करोड़
  • वार्ड 75 से बीजेपी के महेंद्र जैन शेखावत की कुल संपत्ति 11.81 करोड़
  • वार्ड 72 से कांग्रेस प्रत्याशी देवीलाल चौधरी की कुल संपत्ति 11.30 करोड़
  • वार्ड 33 से बीजेपी से जतिन श्रीमाली की कुल संपत्ति 11.17 करोड़
  • वार्ड 70 से कांग्रेस प्रत्याशी शिप्रा उपाध्याय की कुल संपत्ति 10.79 करोड़
  • वार्ड 78 से बीजेपी प्रत्याशी अतुल चंडालिया की कुल संपत्ति 9.77 करोड़
  • वार्ड 66 से बीजेपी प्रत्याशी उमेश मनवानी की कुल संपत्ति 8.73 करोड़
  • वार्ड 12 से बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल नागोरी की कुल संपत्ति 7.53 करोड़

बीजेपी और कांग्रेस का संपत्ति वार गणित

इस चुनाव में कुल 64 प्रत्याशी करोड़पति हैं, जिनकी पारिवारिक संपत्ति 1 करोड़ रुपए से अधिक है। बीजेपी ने 5 और कांग्रेस ने 2 ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दिया है, जिनकी संपत्ति 10 करोड़ से ज्यादा है।

संपत्ति का दायराबीजेपीकांग्रेस
10 करोड़ से ज्यादा0502
01 से 10 करोड़3225
01 करोड़ से कम4353
कुल प्रत्याशी8080

5 प्रत्याशियों के पास 1 लाख भी नहीं

इस चुनाव में बीजेपी, कांग्रेस, बीएपी, बीएसपी, सीपीआईएम के एक लाख से कम संपत्ति वाले 6 प्रत्याशी भी हैं। कुल 6 प्रत्याशियों में से बीएपी के 2, कांग्रेस, माकपा और बीजेपी का 1-1 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।

नामपार्टीवार्ड नंबरकुल संपत्ति
शांतिलाल गमेतीबीजेपी43₹13,837
अरशद अयूबबीएपी70₹15,000
कुलदीप मालीकांग्रेस46₹88,500
इन्द्रा गमेतीबीजेपी62₹91,000
मुस्कान राहीमाकपा31₹91,074
Updated on:
04 Sept 2026 01:05 pm
Published on:
04 Sept 2026 01:05 pm