
Udaipur Bus Fire: राजस्थान में उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। हाईवे पर चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में बस जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते सभी सवारियां सुरक्षित बस से उतार ली, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे।
घटना परसाद पुलिस थाना के सामने की बताई जा रही है। बस अहमदाबाद की ओर जा रही थी। जानकारी के अनुसार बस हाईवे पर गुजर रही थी तभी अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया । बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। कुछ समय में बस आग का गोला बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि हाईवे पर कई किलोमीटर दूर से काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।
आग लगने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। बस में आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
एएसआई नानालाल ने बताया कि बस के इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग ने भीषण गर्मी के चलते विकराल रूप ले लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी मजदूरों को थाने में बैठाया। वहीं दोनों साइड के मार्ग को खाली करवाकर मार्ग सुचारू करवाया, क्रेन की सहायता से जली हुई बस को साइड में करवाया गया।
छह दिन पहले गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में बस में आग लग गई थी। उस समय भी बस में 38 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि दोनों बार की घटनाएं दिन में हुई, इससे समय रहते सहायता मिल गई, वरना कई लोगों की जान जा सकती थी। दोनों घटनाओं में यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से निकलकर जान बचाई।