उदयपुर

उदयपुर: खेत की जुताई करते समय 60 फीट गहरे कुएं में गिरा ट्रैक्टर, किसान की मौत

Udaipur Farmer Tractor Accident : उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदय विदारक हादसा सामने आया, जहां खेत में काम कर रहे एक किसान की ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह घटना माल खेजड़ी गांव की है।
2 min read
May 06, 2026
Udaipur Farmer Tractor Accident
मृतक किसान। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Udaipur Farmer Tractor Accident : उदयपुर। जिले के कानोड़ क्षेत्र के माल खेजड़ी गांव में बुधवार को हृदय विदारक हादसा हो गया। खेत की हंकाई-जुताई कर रहे वृद्ध किसान की ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। करीब 60 फीट गहरे कुएं में ट्रैक्टर के नीचे दबने और पानी होने के कारण किसान को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

डूंगला के करसाना निवासी बद्रीलाल सेन (55) माल खेजड़ी स्थित अपने खेत पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक खेत के अंतिम छोर पर ट्रैक्टर को मोड़ते समय पीछे लेते वक्त अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे पास ही स्थित बिना मुण्डेर के गहरे कुएं में जा गिरा । कुएं में करीब 20 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिसके चलते किसान ट्रैक्टर के नीचे दब गया और पानी में डूबने से उसकी जान चली गई ।

ग्रामीणों ने निकाला बाहर, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बद्रीलाल को कुएं से निकाला और तुरंत डूंगला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल कानोड़ थाना क्षेत्र में होने के कारण शव पुनः कानोड़ चिकित्सालय लाया गया । पुलिस की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

क्षेत्र में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बद्रीलाल की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि बद्रीलाल एक बेहद मेहनती किसान थे । खेत में काम करते समय हुई इस मामूली सी चूक ने परिवार का सहारा छीन लिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Updated on:
06 May 2026 06:55 pm
Published on:
06 May 2026 06:55 pm