
उदयपुर। टाउनहॉल गार्डन में विदेशी महिला पर्यटक से अभद्रता और फब्तियां कसने के मामले में सूरजपोल थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरे राह गंदे गाने गाकर भी पर्यटकों को परेशान कर रहा था। महिला पर्यटक से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच की। घटनास्थल सहित आसपास लगे 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी का पता लगाया।
थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह ने बताया कि दीवानशाह कॉलोनी पटेल सर्कल हाल राजपूताना रिसोर्ट सेक्टर 11 निवासी आफताब उर्फ गबरू खान को गिरफ्तार किया गया। बताया कि सोमवार को कांस्टेबल हितेन्द्र सिंह को सूचना मिली थी कि टाउनहॉल गार्डन में समाजकंटक आए दिन अश्लील गाने गाकर लोगों और पर्यटकों को परेशान करता है। जांच के दौरान सामने आया कि इसी समाजकंटक ने विदेशी महिला पर्यटक से भी अभद्रता की थी।
पुलिस ने वायरल वीडियो को लेकर केस दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। टीम ने सोशल मीडिया सेल के सहयोग और तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान की। आरोपी जब पकड़ा गया तो गिड़गिड़ाते हुए माफी मांगने लगा।
इधर, सूरजपोल थाना पुलिस ने पर्यटकों को परेशान करते 5 लपकों को गिरफ्तारी किया है। पुलिस ने बताया कि गर्वमेन्ट प्रेस कॉलोनी किशनपोल निवासी संजय उर्फ सतु सिंह, ब्यावर हाल सी स्कीम देवाली निवासी यशपाल सिंह, किशनपोल निवासी मोहम्मद साजिद, नूरी चौक खांजीपीर निवासी शराफत और ईमली चौक कुंजरवाड़ी निवासी अनफ हुसैन मेवाफरोस को गिरफ्तार किया। बताया गया कि सभी आरोपी बिना लाइसेंस के ही गाइडिंग कर रहे थे। कमिशन का लालच देकर जबरन खरीदारी करा रहे थे।
उदयपुर की पहचान सिर्फ झीलों, महलों और ऐतिहासिक धरोहरों से नहीं है, बल्कि यहां की मेहमाननवाजी और अतिथि देवो भव की परंपरा भी इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। देश-विदेश से हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां की खूबसूरती देखने और मेवाड़ की संस्कृति को करीब से जानने आते हैं। पर्यटन उदयपुर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, ऑटो, गाइड, हस्तशिल्प और छोटे व्यापारियों से लेकर हजारों परिवारों की आजीविका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इसी क्षेत्र पर निर्भर है। ऐसे में किसी विदेशी महिला पर्यटक से सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता और फब्तियां कसने जैसी घटनाएं केवल एक व्यक्ति के सम्मान को ठेस नहीं पहुंचातीं, बल्कि शहर की छवि पर भी सवाल खड़े करती हैं।
पर्यटक किसी शहर में सिर्फ घूमने नहीं आते, वे वहां के माहौल, व्यवहार और सुरक्षा का अनुभव भी अपने साथ लेकर लौटते हैं। उनके साथ हुआ दुर्व्यवहार सोशल मीडिया के दौर में दुनिया भर तक पहुंच सकता है। इससे भविष्य में पर्यटकों के भरोसे पर भी असर पड़ सकता है। उदयपुर को पर्यटन के क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाने के साथ पर्यटकों के सम्मान और सुरक्षा का वातावरण भी सुनिश्चित करना होगा। पर्यटन स्थलों, उद्यानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सतर्कता, नियमित निगरानी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जरूरी है। नागरिकों, व्यापारियों, ऑटो-टैक्सी चालकों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वे शहर की मेहमाननवाजी की परंपरा को व्यवहार में बनाए रखें। उदयपुर पुलिस की कार्रवाई स्वागत योग्य है, लेकिन ऐसी घटनाओं की रोकथाम केवल गिरफ्तारी से संभव नहीं होगी। इसके लिए जागरूकता और निरंतर निगरानी भी जरूरी है। उदयपुर की असली खूबसूरती उसकी झीलों और महलों के साथ यहां के लोगों के व्यवहार में भी झलकनी चाहिए। पर्यटक यहां से अच्छी यादें लेकर लौटें, यही अतिथि देवो भव की सच्ची भावना और पर्यटन नगरी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।