उदयपुर

उदयपुर में शर्मनाक: GNM छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर किया बलात्कार, PG वार्डन और साथी पर संगीन आरोप

उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीजी वार्डन और उसके साथी ने भरोसा जीतकर उसे नशीला पदार्थ पिलाया और वारदात को अंजाम दिया।

2 min read
Apr 17, 2026
Udaipur GNM Student Drugged Raped PG Warden and Associate Accused in Shocking Case
पीजी वार्डन और साथी पर छात्रा से बलात्कार का आरोप (पत्रिका फाइल फोटो)

Udaipur Rape Case: उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां हिरणमगरी थाना क्षेत्र में जीएनएम का कोर्स कर रही एक 23 वर्षीय छात्रा के साथ दरिंदगी की गई है।

आरोप है कि जिस पीजी वार्डन पर छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने अपने साथी के साथ मिलकर छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाया और फिर उसके साथ होटल में बलात्कार किया।

विश्वास का कत्ल: चाय के बहाने ले गए बार

पीड़िता पिछले एक साल से हिरणमगरी स्थित एक गर्ल्स पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, 13 अप्रैल को पीजी वार्डन करण ने पीड़िता और उसकी सहेली को चाय पिलाने के बहाने बाहर चलने को कहा। वार्डन पर भरोसा कर दोनों छात्राएं उसके साथ चली गईं। करण उन्हें शोभागपुरा-सुखेर क्षेत्र में ले गया, जहां उसका साथी प्रहलाद चौधरी पहले से मौजूद था।

जूस में मिलाया नशा, फिर होटल में वारदात

आरोप है कि प्रहलाद और करण ने दोनों सहेलियों पर बार में चलने का दबाव बनाया। जब छात्राओं ने मना किया, तो उन्हें 'जूस' बताकर एक पेय पदार्थ पिला दिया गया। ड्रिंक पीते ही पीड़िता को चक्कर आने लगे। आरोप है कि हालत बिगड़ने पर आरोपियों ने उसे जबरन और ज्यादा नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह पूरी तरह बेहोश हो गई।

रात करीब 10 बजे आरोपियों ने दोनों सहेलियों को घर छोड़ने के बहाने अलग-अलग कर दिया। प्रहलाद पीड़िता को अपनी बाइक पर बैठाकर अनजान जगह ले गया।

सुबह होटल में खुली आंख, तो उड़े होश

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अगले दिन सुबह जब उसे होश आया, तो वह परशुराम चौराहा स्थित एक होटल के कमरे में थी। होश आने पर उसे अपने साथ हुई दरिंदगी का अहसास हुआ। डरी-सहमी छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

हिरणमगरी थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रहलाद चौधरी और करण के खिलाफ सामूहिक बलात्कार और नशीला पदार्थ पिलाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल, संबंधित बार और होटल से सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की भूमिका की सघन जांच की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Published on:
17 Apr 2026 02:17 pm