उदयपुर

Udaipur Gold-Silver Price: फीकी पड़ी चमक… 3 माह में चांदी 63 हजार और सोना 17 हजार टूटा

सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के बीच खरीदारी टाल रहे लोगों के लिए बीते दो महीने बड़ी राहत लेकर आए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार के दबाव और निवेशकों की बिकवाली ने कीमती धातुओं की चमक फीकी कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 1:47 PM IST
Gold and silver Rate
सोने और चांदी की कीमतें गिरी। फोटो: एआई

उदयपुर। सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के बीच खरीदारी टाल रहे लोगों के लिए बीते दो महीने बड़ी राहत लेकर आए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार के दबाव और निवेशकों की बिकवाली ने कीमती धातुओं की चमक फीकी कर दी है। उदयपुर के बाजार में महज दो माह में चांदी 63 हजार 400 रुपए प्रति किलो तक सस्ती हो गई, जबकि सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 17 हजार 500 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई।

खास बात यह है कि चांदी की कीमतों में गिरावट की रफ्तार सोने से दोगुने से भी अधिक रही है। दो माह पहले 16 सितम्बर को 2.30 लाख रुपए के पार चल रही चांदी टंच अब 1.67 लाख रुपए पर आ गई है। वहीं, 1.52 लाख रुपए वाला सोना स्टैंडर्ड 1.35 लाख रुपए पर पहुंच गया है।

चांदी की गिरावट के पीछे औद्योगिक मांग का बदलता स्वरूप भी अहम कारण माना जा रहा है। चीन में सोलर पैनल निर्माण में चांदी की खपत कम करने के लिए वैकल्पिक तकनीक और दूसरी धातुओं के इस्तेमाल की दिशा में काम बढ़ा है। इससे चांदी की औद्योगिक मांग पर असर पड़ा है। दूसरी ओर, ऊंचे भाव पर खरीदारी कम होने और निवेशकों की बिकवाली ने भी कीमतों को नीचे खींचा है। यही वजह है कि सोने के मुकाबले चांदी में ज्यादा बड़ी गिरावट देखने को मिली है।

आगे भी उतार-चढ़ाव के आसार

भाव में आई गिरावट से शादी-ब्याह और आगामी खरीदारी की तैयारी कर रहे परिवारों को राहत मिल सकती है। ज्वेलरी कारोबारियों के लिए भी ग्राहकों की बाजार में वापसी की संभावना बढ़ी है। हालांकि, बाजार जानकारों का मानना है कि अभी भावों में स्थिरता आने का इंतजार करना जरूरी है। अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर संकेत, डॉलर की चाल, रुपए की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय मांग आगे की दिशा तय करेंगे। यदि बिकवाली का दबाव कम होता है और निवेश मांग लौटती है तो कीमतों में सुधार संभव है, लेकिन औद्योगिक मांग कमजोर रहने पर चांदी में दबाव बना रह सकता है।

यह जानें स्थिति

16 सितम्बर
चांदी टंच 230700 (प्रति किलोग्राम)
सोना स्टैंडर्ड (999) 152500 (प्रति 10 ग्राम)

16 अक्टूबर
चांदी टंच 209300 (प्रति किलोग्राम)
सोना स्टैंडर्ड (999) 146400 (प्रति 10 ग्राम)

16 नवम्बर
चांदी टंच 167300 (प्रति किलोग्राम)
सोना स्टैंडर्ड (999) 135000 (प्रति 10 ग्राम)

इनका कहना है

फिलहाल सोने-चांदी में बिकवाली का दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका से निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं से दूसरे निवेश विकल्पों की तरफ बढ़ा है। सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर दिख रहा है। रुपए की मजबूती भी कारण है।
-यशवंत आंचलिया, अध्यक्ष, उदयपुर सर्राफा एसोसिएशन

सोने-चांदी के मौजूदा भाव पिछले महीनों के मुकाबले काफी नीचे आ चुके हैं। ऐसे में लंबी अवधि के नजरिए से खरीदारी करने वालों के लिए यह अवसर हो सकता है। हालांकि, बाजार में अभी उतार-चढ़ाव बना हुआ है, इसलिए निवेशकों को एक साथ पूरी खरीदारी करने के बजाय बाजार की चाल पर नजर रखते हुए निवेश करना चाहिए।
-इंद्रसिंह मेहता, संरक्षक, श्री सर्राफा संघ राजस्थान

Updated on:
17 Nov 2026, 1:47 PM IST
Published on: