उदयपुर

Udaipur News : बहन की मौत से गुस्साए भाई ने जीजा की कर दी हत्या, जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचला

उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र के अंबावी उपरेटा गांव में बुधवार को हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां साले ने जीजा की हत्या कर दी। वह बहन पारू की मौत के कारण नाराज था।

2 min read
Apr 29, 2026
udaipur news
घटना के बाद गांव में तैनात पुलिस बल। फोटो पत्रिका

झाड़ोल (उदयपुर)। ओगणा थाना क्षेत्र के अंबावी उपरेटा गांव में बुधवार को हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां साले ने जीजा की हत्या कर दी। वह बहन पारू की मौत के कारण नाराज था। बहन की मौत का बदला लेने के लिए उसने जीजा का अपहरण कर लिया। उसे 15 किमी दूर जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। हालात बेकाबू देख भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने बताया कि चोखला बारा निवासी पिंटूलाल (28) पुत्र भूरीलाल वडेरा की हत्या कर दी गई। मृतक का साला करण अपने साथियों के साथ हथियार लेकर बुधवार सुबह चोखला बारा गांव पहुंचा। घर से पिंटू का अपहरण किया और 15 किलोमीटर दूर अंबावी उपरेटा के जंगल में ले जाकर हत्या कर दी।

ग्रामीणों ने पुलिस को अपहरण की सूचना दी। पुलिस पिंटू की तलाश करते हुए जंगल में पहुंची, तब तक आरोपी पिंटू की हत्या कर चुके थे। इसके बाद आरोपी मौके से भाग छूटे और पुलिस को पिंटू का शव मिला। पारू एवं पिंटू दोनों के शव झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

पुलिस टीम जंगल में पहुंची तो मिला शव

एक दिन पहले पिंटू की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया था कि पत्नी पारू की मौत बीमारी से हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, तब ही पिंटू के अपहरण की सूचना मिली। पुलिस टीम तलाशी के लिए जंगल में गई, जहां उसका शव मिला। पिंटू की 3 साल की मासूम बेटी पूरी तरह अनाथ हो गई है।

आदिवासी अंचल में चढ़ोतरा कुप्रथा

आदिवासी अंचल में चढ़ोतरा सामाजिक कुप्रथा है। किसी की मौत पर बदला लेने की भावना से आरोपी पक्ष पर हमला किया जाता है। आरोपी पक्ष के घर उजाड़ दिए जाते हैं। अंतत: सामाजिक पंचायत की ओर से मौताणा (जुर्माना) राशि वसूलने के बाद ही बदला पूरा माना जाता है।

यह है पूरा घटनाक्रम

चोखला बारा निवासी पारू पत्नी पिंटूलाल वडेरा की 27 अप्रेल को मौत हो गई थी। इससे पहले 24 अप्रेल को उसकी तबीयत खराब होने पर परिजन ओगणा स्थित अस्पताल ले गए थे। पारू की मौत के बाद आक्रोशित पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया था। बदला लेने की भावना से मंगलवार शाम को पीहर पक्ष के लोग चोखला बारा पहुंच गए। उस समय तो पिंटू घर से भाग गया, लेकिन गुस्साए लोगों ने उसके घर पर जमकर तोड़फोड़ की।

Published on:
29 Apr 2026 09:18 pm