उदयपुर

Rajasthan LPG Crisis: गैस सिलेंडर की कमी से रुकी ‘अंतिम यात्रा’, शवदाह गृह में मचा हड़कंप, BJP नेताओं ने संभाला मोर्चा

LPG Crisis: उदयपुर के अशोक नगर गैस शवदाह गृह में कमर्शियल LPG सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से अंतिम संस्कार में परेशानी हो रही है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने गैस एजेंसी से मिलकर नियमित सप्लाई की मांग की, अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा दिया।

less than 1 minute read
Mar 15, 2026
Udaipur LPG Crisis Gas Shortage Disrupts Cremations at Ashok Nagar Crematorium
एजेंसी संचालकों से मुलाकात कर ज्ञापन देते हुए (फोटो- पत्रिका)

Rajasthan LPG Crisis: उदयपुर शहर के अशोक नगर गैस शवदाह गृह में भी पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस संवेदनशील मुद्दे को देखते हुए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पहल कर जल्द समाधान की मांग उठाई है।

बता दें कि इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने गैस एजेंसी संचालकों से मुलाकात कर शवदाह गृह में गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा आपदा राहत एवं सहयोग विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बाठेड़ा गैस एजेंसी पहुंचकर एजेंसी संचालक अमित भाणावत से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गैस सप्लाई बाधित होने से शोक संतप्त परिवारों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी संचालक ने जल्द ही सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिलाया।

शहर विधायक ताराचंद जैन ने भी उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शवदाह गृह जैसी सेवाएं अत्यंत आवश्यक श्रेणी में आती है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश भट्ट ने रसद विभाग की प्रवर्तन निरीक्षक निशा मूंदड़ा से चर्चा कर मामले से अवगत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शवदाह गृह में गैस की कमी नहीं रहने दी जाएगी और आवश्यक व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान उदयपुर होटल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।

Published on:
15 Mar 2026 03:36 pm