उदयपुर

Rajasthan: दर्दनाक हादसा; कार-स्कूटी टकराकर पुल से 40 फीट नीचे गिरे, 4 युवकों की मौत

उदयपुर जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बलीचा बायपास स्थित मादड़ी पुलिया पर रविवार देर रात हुए हादसे में मध्यप्रदेश के तीन सहित चार युवकों की मौत हो गई। रेल लाइन पर बनी मादड़ी पुलिया पर उनकी स्कूटी से कार की सामने से टक्कर हो गई।
2 min read
May 04, 2026
udaipur Accident
Photo AI Generator

उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बलीचा बायपास स्थित मादड़ी पुलिया पर रविवार देर रात हुए हादसे में मध्यप्रदेश के तीन सहित चार युवकों की मौत हो गई। रेल लाइन पर बनी मादड़ी पुलिया पर उनकी स्कूटी से कार की सामने से टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन पुलिस से 40 फीट नीचे जा गिरे। ऐसे में स्कूटी सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार सवार दो जने घायल हो गए।

प्रतापनगर थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि मृतकों में हादसे में सुजानपुरा देवास मध्यप्रदेश हाल सेक्टर-7 हिरणमगरी निवासी अर्जुन सिंह (40) सागर सिंह, कुचवाड़ा रायसेन मध्यप्रदेश निवासी सौरभ उर्फ रामलाल (30) पुत्र नेपालसिंह, भुरकुआ ठेंगचा धार मध्यप्रदेश जगतसिंह (35) पुत्र सिरका चौहान और कार सवार रोड नम्बर-1 मादड़ी निवासी शिवम (19) लालजी भाट की मौत हो गई। शिवम का चाचा योगेश भाट (25) घायल होकर एमबी अस्पताल में उपचाररत है, जिसकी स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।

एक तरफ मामा-बुआ के लड़के, दूसरी ओर काका-भतीजा

अर्जुन सिंह उदयपुर में कैटरिंग कॉन्ट्रेक्टर था, जबकि उसकी बुआ का बेटा सौरभ सिंह, एक अन्य जगतसिंह साथ काम करते थे। इधर, बैंड साउंड का काम करने वाले मादड़ी निवासी योगेश भाट और उसका भतीजा शिवम साथ था। दोनों तरफ के लोग शादी आयोजनों में काम करके लौट रहे थे और उनके साथ हादसा हो गया।

सूचना पर आहत, शव लेने पहुंचे परिजन

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, वहीं मृतकों के शव मुर्दाघर में पहुंचाए, जहां सोमवार दोपहर में पोस्टमार्टम की कार्रवाई हुई। अर्जुनसिंह और सौरभ सिंह के शव दोपहर बाद गांव के लिए भेज दिए गए, जबकि जगत सिंह के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शाम को हो पाई।

रात, रफ्तार और लापरवाही का नतीजा

हादसा देर रात में हुआ, जिससे घायलों को मदद सामान्य से कुछ ज्यादा समय लगा। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी, वहीं सकरी पुलिया पर दोनों वाहनों ने पहले गुजरने की कोशिश की। अंतत: दोनों की टक्कर पुलिया पर ही हो गई और दीवार टूटने के बाद दोनों वाहन नीचे गिरकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।

Published on:
04 May 2026 07:47 pm
Also Read
View All