उदयपुर

उदयपुर पंचायत चुनाव में दिग्गजों को झटका, कहीं पिता-पुत्र हारे तो कहीं मंत्रियों के गढ़ ढहे, कांग्रेस ने BJP को दी कड़ी टक्कर

उदयपुर पंचायत चुनाव में भाजपा ने जिला परिषद की 47 में से 24 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस 22 सीटों के साथ कड़ी टक्कर में रही। पूर्व विधायक पिता-पुत्र हारे, देवला में पहली बार भाजपा का बोर्ड बनेगा।
6 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 10:23 AM IST
udaipur panchayat election result 2026
लाल सिंह झाला, हिम्मत सिंह झाला और राज सिंह झाला (पत्रिका फोटो)

Udaipur Panchayat Election Result 2026: पंचायत चुनाव के नतीजों ने उदयपुर जिले की ग्रामीण राजनीति में कई चौंकाने वाले उलटफेर कर दिए। चुनाव में सिर्फ भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के बीच सीटों का गणित ही नहीं बदला, बल्कि कई दिग्गज नेताओं की राजनीतिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित हो गई। पूर्व विधायक पिता-पुत्र दोनों चुनाव हार गए तो कहीं मौजूदा विधायक अपने बेटे की सीट नहीं बचा पाए। नाई, गिरवा, बड़गांव और मावली में कांग्रेस को करारा झटका लगा, वहीं देवला में पहली बार भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है। दूसरी ओर गोगुंदा और बड़गांव में भाजपा ने तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाई। नतीजों ने साफ कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह स्थानीय समीकरण पारंपरिक पार्टी प्रभाव पर भारी पड़े।

मावली-वल्लभनगर में भी कांग्रेस को झटका

मावली व घासा में जिला परिषद की छह सीटों में से कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। विधायक पुष्करलाल डांगी के इलाके में यह बड़ा झटका है। कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले वल्लभनगर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा। यहां जिला परिषद की नौ में से तीन सीटें ही कांग्रेस को मिलीं। यहां राजसिंह झाला, अरविंद पाटिया और एक अन्य ने जीत दर्ज की।

कांग्रेस के गढ़ में सेंध

नई पंचायत समिति क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। पूर्व विधायक सज्जन कटारा के क्षेत्र पाई से निवर्तमान प्रमुख थीं, लेकिन पंचायत समिति की 15 सीटों में कांग्रेस महज एक पर सिमट गई। यह कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन रहा। गिरवा में भी कांग्रेस 15 में से केवल पांच सीटें ही जीत पाई।

ये परिणाम रहे रोचक

पंचायत चुनाव में खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी को जिला परिषद वार्ड 22 से हार का सामना करना पड़ा। इसी चुनाव में उनके पुत्र सोनू अहारी भी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव नहीं जीत पाए। मावली में विधायक पुष्करलाल डांगी अपने पुत्र शांतिलाल डांगी की सीट नहीं बचा पाए। वार्ड 43 से भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने उन्हें 1966 मतों से हराया। इधर, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी संजना मीणा ने जिला परिषद वार्ड 28 में कांग्रेस की आशा को 1851 मतों से हराया।

देवला में पहली बार भाजपा का बोर्ड

भाजपा से पंचायत समिति देवला के प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया कि यहां पहली बार भाजपा का बोर्ड बन रहा है। गोगुंदा और बड़गांव पंचायत समितियों में भाजपा ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। गोगुंदा में निवर्तमान प्रधान के पति पप्पू राणा को भी हार का सामना करना पड़ा।

पाई में दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके विवेक कटारा इस बार प्रधान की दौड़ में थे, लेकिन कांग्रेस को पांच ही सीटें मिलीं। बड़गांव में कांग्रेस को केवल तीन सीटें मिलीं। जिला परिषद चुनाव में भी गिरवा और नाई की चार सीटों में से कांग्रेस एक सीट ही जीत पाई। बड़गांव की दोनों जिला परिषद सीटें भी भाजपा ने जीतीं।

मंत्री खराड़ी के क्षेत्र में भी मिला-जुला परिणाम

कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी के झाड़ोल, फलासिया और ओगणा क्षेत्रों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, सुलाव और कोटड़ा में जीत मिली। मिले-जुले परिणाम ने नए समीकरणों की चर्चा को जन्म दे दिया। पूर्व मंत्री वस्तुनिष्ठलाल गरासिया ने सायरा पंचायत समिति क्षेत्र से वापसी की।

भाजपा को 24 सीटों के साथ बहुमत, कांग्रेस ने 22 सीटों के साथ दी कड़ी टक्कर

उदयपुर जिला परिषद की 47 सीटों के परिणाम शुक्रवार को घोषित हो गए। भाजपा ने 24 सीटें जीतकर जिला परिषद में बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस ने भी 22 सीटों पर जीत दर्ज कर कड़ी टक्कर दी। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को एक सीट मिली।

चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा जिला प्रमुख पद के दावेदारों की जीत को लेकर रही। विधानसभा चुनाव लड़ चुके भाजपा के हिम्मतसिंह झाला, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लालसिंह झाला और पूर्व गृहमंत्री गुलाबसिंह शक्तावत के नाती राजसिंह झाला जिला परिषद पहुंचे। भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रगुप्त सिंह चौहान और पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने भी जीत दर्ज की।

25 को दिलचस्प मुकाबला

जिला परिषद में भाजपा को बहुमत तो मिल गया, लेकिन जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर पार्टी में चर्चाएं तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले हिम्मतसिंह झाला का नाम प्रमुखता से चल रहा था। अब लालसिंह झाला की जीत के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. चंद्रगुप्त सिंह चौहान का नाम भी चर्चा में है। दूसरी ओर कांग्रेस भी अपने 22 सदस्यों के साथ राजनीतिक समीकरणों पर नजर रखे हुए है। तीनों झाला की जीत ने जिला प्रमुख पद की दौड़ को और दिलचस्प बना दिया है। अब जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को होगा।

जिला परिषद के 47 और जिले की सभी 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। राजस्थान कृषि महाविद्यालय और राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतगणना केंद्र बनाए गए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल और एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

हिम्मतसिंह की बड़ी जीत, नानालाल अहारी हारे

चुनाव में जीत के अंतर ने भी परिणाम को खास बना दिया। भाजपा के हिम्मतसिंह झाला वार्ड 37 से 8030 मतों के सबसे बड़े अंतर से जीते। वार्ड 8 में भाजपा के निर्मल सिंह ने 6678 मतों से जीत दर्ज की। चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने वार्ड 40 में 5081 मतों से जीत हासिल की। कांग्रेस के सुरती गरासिया ने वार्ड 3 में 4246 मतों से जीत दर्ज की।

दूसरी ओर खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी को वार्ड 22 में हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के कांतिलाल ने उन्हें 4081 मतों से हराया। मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी वार्ड 43 से जीते। उन्होंने कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी के पुत्र शांतिलाल डांगी को 1966 मतों से हराया।

कई वार्डों में बेहद करीबी मुकाबले

जिला परिषद के चुनाव में कुछ वार्डों में जीत-हार का अंतर काफी कम रहा। वार्ड 20 में भाजपा की बदामी ने कांग्रेस की मंजू मीणा को केवल 64 मतों से हराया। वार्ड 23 में कांग्रेस की शर्मिला भी 64 मतों से जीतीं। वार्ड 18 में कांग्रेस की रीना देवी ने बीएपी की रवीना को 138 मतों से और वार्ड 14 में भाजपा के कमलेश कसोटिया ने कांग्रेस के लोकेश मीणा को 142 मतों से हराया। वार्ड 24 में बीएपी की दुर्गा ने कांग्रेस की सोनिया कुमारी मीणा को 191 मतों से हराया।

भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने जताया जनता का आभार

जनता ने भाजपा को जिला परिषद में 24 सीटों पर जीत दिलाकर जो विश्वास जताया है, उसके लिए आभारी हैं। यह जीत प्रदेश सरकार के कल्याणकारी कार्यों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। भाजपा जनविश्वास पर खरी उतरते हुए विकास और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है।

-गजपाल सिंह राठौड़, भाजपा नगर अध्यक्ष

जिला परिषद व पंचायत चुनाव में भाजपा को मिले समर्थन के लिए जनता का आभार जताते हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने जीत में अहम भूमिका निभाई। पंचायतों के माध्यम से गांवों के सर्वांगीण विकास और आमजन की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।

-पुष्कर तेली, भाजपा देहात अध्यक्ष

जिला परिषद चुनाव के नतीजे बताते हैं कि भाजपा को बहुमत मिला, जबकि कांग्रेस ने 22 सीटें जीतकर चुनौती पेश की। कई बहुकोणीय मुकाबलों में जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया। हम मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हैं। संगठन को मजबूत कर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे।

-फतेहसिंह राठौड़, कांग्रेस शहर अध्यक्ष

ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस को मिला जनसमर्थन पार्टी के कामकाज और जनता के हितों के लिए किए गए प्रयासों का प्रमाण है। जिला परिषद में 22 सीटों के साथ पार्टी ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी। बहुकोणीय मुकाबलों में मिली सफलता उत्साहजनक है। गांवों की समस्याओं और आमजन के मुद्दों पर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

-रघुवीर सिंह मीणा, कांग्रेस देहात अध्यक्ष

सीधी टक्कर में भाजपा का 'राज', बहुकोणीय में कांग्रेस का 'किंग'

उदयपुर जिला परिषद सदस्य चुनाव के नतीजे एक अलग ही तस्वीर बयां करते हैं। जिले की 47 सीटों के नतीजों का विश्लेषण बताता है कि चुनाव में मुकाबले का स्वरूप ही जीत-हार का बड़ा फैक्टर बना। जहां सीधी टक्कर रही, वहां भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को पीछे छोड़ा, वहीं त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबलों में कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी और बढ़त हासिल की।

कुल सीटों में भाजपा 24 और कांग्रेस 22 पर रही, जबकि एक सीट अन्य के खाते में गई। यानी भाजपा को मामूली बढ़त जरूर मिली, लेकिन कांग्रेस ने मुकाबले को लगभग बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया।

सबसे अहम तथ्य सीधे मुकाबले वाली 20 सीटों का है। इनमें भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने महज 5 सीटें जीतीं। यानी आमने-सामने की लड़ाई में भाजपा का स्ट्राइक रेट 75 प्रतिशत रहा। इन सीटों में शहरी और कस्बाई क्षेत्रों का प्रभाव अधिक होना भी भाजपा के पक्ष में गया।

त्रिकोणीय मुकाबलों वाली 22 सीटों में कांग्रेस ने 13 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 8 सीटों पर सिमट गई। एक सीट अन्य के खाते में गई। इससे संकेत मिलता है कि जहां मुकाबला बहुकोणीय हुआ, वहां भाजपा के सामने कांग्रेस की स्थिति मजबूत रही।

चतुष्कोणीय मुकाबलों में स्थिति

जिला परिषद चुनाव में चतुष्कोणीय मुकाबलों वाली पांच सीटों में कांग्रेस ने चार पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को केवल एक सीट मिली। यानी जितने ज्यादा प्रत्याशी मुकाबले में आए, कांग्रेस का प्रदर्शन उतना बेहतर दिखाई दिया। यह भी कहा जा सकता है कि कांग्रेस का कोर वोटर नहीं डगमगाया, जबकि भाजपा के विचारधारा वाले वोट अन्य दलों की झोली में गए।

आरक्षण वर्ग के हिसाब से स्थिति

सामान्य वर्ग की 16 सीटों में भाजपा ने 11 और कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं। वहीं एसटी वर्ग की 28 सीटों में कांग्रेस ने 17, भाजपा ने 10 और अन्य ने एक सीट हासिल की। आदिवासी बहुल आरक्षित सीटों पर कांग्रेस मजबूत रही।

सामान्य महिला वर्ग की 8 सीटों में भाजपा ने 6 और कांग्रेस ने 2 सीटें जीतीं, जबकि एसटी महिला वर्ग की 14 में से 9 कांग्रेस, 4 भाजपा और एक सीट अन्य ने जीती।

मुकाबले का गणित, किसे कहां मिली बढ़त

मुकाबले का स्वरूपकुल सीटेंभाजपाकांग्रेसअन्य
सीधा मुकाबला201550
त्रिकोणीय228131
चतुष्कोणीय5140
कुल4724221

आरक्षण वर्ग में किसका पलड़ा भारी

आरक्षण वर्गकुल सीटेंभाजपाकांग्रेसअन्य
सामान्य खुला8620
सामान्य महिला8620
एसटी ओपन14491
एसटी महिला14491
ओबीसी ओपन1100
एससी ओपन1100
एससी महिला1100

टॉपिक एक्सपर्ट

जिला परिषद चुनाव परिणाम में कुल मिलाकर भाजपा ने सीधे मुकाबलों और सामान्य वर्ग की सीटों पर ताकत दिखाई, जबकि कांग्रेस ने बहुकोणीय मुकाबलों और एसटी वर्ग में बेहतर प्रदर्शन किया। भाजपा की जीत जरूर हुई, लेकिन कांग्रेस ने उसे आसानी से जीत नहीं लेने दी। दो सीटों का अंतर बताता है कि जिले की ग्रामीण राजनीति में दोनों पार्टियों के बीच प्रतिस्पर्धा बेहद करीबी बनी हुई है।

-लाल कुमार चुघ, राजनीतिक विश्लेषक

बीजेपी प्रत्याशी इन 8 वार्डों में दूसरे स्थान पर रहे

वार्डबीजेपी प्रत्याशीविजेता पार्टीजीत का अंतर (वोट)
12अनिता कुमारी खराड़ीकांग्रेस920
15लोकेश पलातकांग्रेस1256
16रीतू गमारकांग्रेस2748
18रवीनाकांग्रेस138
21रमणलाल अहारीकांग्रेस3640
25भेरूलाल मीणाकांग्रेस1991
27लिम्बाराम भीलभाजपा2187
24दुर्गाबीएपी191