उदयपुर

उदयपुर की जनता को बड़ा तोहफा, अब सूरत तक जाएगी वंदे भारत ट्रेन, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी, जानें इसके नए ठहराव

Vande Bharat Update : उदयपुर से असरवा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस अब सूरत तक चलेगी। रेल मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। जानें कहां रहेगा नया ठहराव?
2 min read
udaipur people big gift now vande bharat train run Surat
Vande Bharat Train Update : फोटो -@RailMinIndia

Vande Bharat Update : मेवाड़ को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में एक और सफलता मिली है। रेल मंत्रालय ने उदयपुर से असरवा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब सूरत तक करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के शेष 6 दिनों में उदयपुर से सूरत तक चलेगी। इस विस्तार से मेवाड़ के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने के साथ ही दक्षिण भारत से रेल कनेक्टिविटी के नए रास्ते भी खुलेंगे।

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने वंदे भारत एक्सप्रेस के सूरत तक विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मेवाड़ के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। उदयपुर से सूरत तक वंदे भारत के संचालन से व्यापार, रोजगार और आवागमन के क्षेत्र में मेवाड़ को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। सांसद ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ की आवश्यकता और यात्रियों की परेशानियों से अवगत कराया था।

दक्षिण भारत की ट्रेनों से जुड़ाव होगा आसान

वंदे भारत एक्सप्रेस के सूरत तक विस्तार का सबसे बड़ा लाभ मेवाड़ के उन हजारों लोगों को मिलेगा, जो व्यापार और रोजगार के सिलसिले में सूरत के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में रहते हैं। वर्तमान में उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों से सूरत पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों को बस से सफर करना पड़ता है और इसके बाद सूरत से आगे रेल यात्रा करनी पड़ती है। बसों की समय-सारणी और ट्रेनों के समय में सामंजस्य नहीं होने तथा रेलों में प्रतीक्षा सूची के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अब उदयपुर से सीधे वंदे भारत के जरिए सूरत पहुंचना आसान होगा। सूरत पहुंचने के बाद दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों के लिए संचालित ट्रेनों से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इससे मेवाड़ और दक्षिण भारत के बीच व्यापारिक, रोजगार एवं सामाजिक संपर्क भी और मजबूत होने की उम्मीद है।

उदयपुर से रात 11 बजे पहुंचेगी सूरत

नई समय-सारणी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर से अपराह्न 3.35 बजे रवाना होगी। ट्रेन 4.03 बजे जावर, 4.50 बजे डूंगरपुर, 5.27 बजे शामलाजी रोड, 6.18 बजे हिम्मतनगर और 7.25 बजे असरवा पहुंचेगी। ट्रेन 8.58 बजे मणिनगर, 9.50 बजे आणंद, 10.22 बजे भरूच होते हुए रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। वापसी में सूरत से सुबह 6.10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी।

होटल एसोसिएशन ने जताया आभार होटल एसोसिएशन उदयपुर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि सूरत तक वंदे भारत को बढ़ाना पर्यटन और स्थानीय निवासियों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। एसोसिएशन लंबे समय से इसकी मांग कर रहा था।

Updated on:
01 Sept 2026 06:59 pm
Published on:
01 Sept 2026 06:59 pm