
Udaipur : बेहतर भविष्य और रोजगार की उम्मीद लेकर अपनी मां के साथ उदयपुर पहुंचे 28 वर्षीय युवक का सफर कुछ ही घंटों में दर्दनाक अंत में बदल गया। रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गुजारने के बाद शनिवार सुबह युवक ने राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन निकट ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, बेटे की मौत की खबर सुनकर प्लेटफॉर्म पर बैठी मां बेसुध हो गई।
जीआरपी थाना प्रभारी गोवर्धन सिंह ने बताया कि कुंवारिया निवासी राजेश बैरवा अपनी मां के साथ शुक्रवार को रोजगार की तलाश में बस से उदयपुर आया था। शहर में ठहरने का कोई ठिकाना नहीं मिलने पर दोनों ने रात राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ही बिताई। शनिवार सुबह राजेश मां को प्लेटफॉर्म पर छोड़कर रेलवे अस्पताल के पीछे चला गया। सुबह करीब 11 बजे उदयपुर-बड़ीसादड़ी ट्रेन के सामने लेट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया।
सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया गया। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मां की आंखों से नहीं थम रहे थे आंसू जिस मां ने बेटे के साथ नए जीवन की उम्मीद लेकर शहर में कदम रखा था, कुछ ही घंटों बाद उसी को बेटे की मौत की खबर मिली। प्लेटफॉर्म पर बैठी मां बेसुध होकर बिलखती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेटे का शव देखने के बाद वह लंबे समय तक कुछ बोल भी नहीं सकी। रेलवे कर्मचारियों ने उसे संभालने और पानी पिलाने की कोशिश की, लेकिन गहरे सदमे में डूबी मां ने पानी तक नहीं पिया। स्टेशन पर मौजूद लोगों की आंखें भी यह मंजर देखकर नम हो गईं।
एक अन्य खबर में उदयपुर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में चार दिन पहले शादी समारोह में हुए विवाद को लेकर महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चांदनी, गोवर्धनविलास निवासी देवली मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जून वह घर पर सोने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान गांव के दिनेश, सुरेश, महेंद्र, वेसा तथा अन्य लोग लाठी, पत्थर और कुल्हाड़ी लेकर घर के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
रिपोर्ट के अनुसार उसका पति रमेश घर से बाहर निकला और उनसे बातचीत करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने करीब चार दिन पहले उसकी पुत्री की शादी में हुए झगड़े को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बीच-बचाव के लिए देवली और उसकी बहू करीना बाहर आई तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में देवली के बाएं हाथ पर चोट लगी। शोर सुनकर उसका देवर पहुंचा, इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।