उदयपुर

Udaipur: सीआई के नाम पर 2 लाख की डिमांड, नहीं देने पर थाने में शराब तस्कर से मारपीट; एसीबी ने शुरू की जांच

उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाने में शराब तस्कर को छोड़ने की एवज में 2 लाख रुपए मांगने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, एएसआई ने थानाधिकारी के नाम पर रकम मांगी और मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट की। मामला सामने आने के बाद एसीबी की टीम थाने पहुंची और पुलिसकर्मियों से पूछताछ शुरू की है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:01 PM IST
Udaipur ACB
Udaipur: थाने पर जांच करने पहुंची एसीबी की टीम (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ऋषभदेव थाने में शराब तस्कर को छोड़ने की एवज में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने और रकम नहीं देने पर थाने के अंदर मारपीट करने के संगीन आरोप लगे हैं। आरोप है कि एक एएसआई ने थानाधिकारी (सीआई) के नाम पर रिश्वत की डिमांड की। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले ऋषभदेव थाने के एएसआई रणजीत और कांस्टेबल कैलाश मीणा ने कथित तौर पर एक शराब तस्कर को हिरासत में लिया था। उसे थाने लाने के बाद उसके साथ मारपीट करने का आरोप है। इसके बाद उसे छोड़ने की एवज में 2 लाख रुपए की मांग की गई। बताया जा रहा है कि एएसआई ने यह रकम थानाधिकारी सीआई हेमंत अहारी के नाम पर मांगी थी।

शिकायत के बाद थाने पहुंची एसीबी की टीम

मामले की शिकायत मिलने पर एसीबी हरकत में आई। एसीबी स्पेशल यूनिट के एएसपी राजीव जोशी के नेतृत्व में टीम ऋषभदेव थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। टीम ने संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायत से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। जांच प्रक्रिया के तहत ऋषभदेव डीएसपी को भी मौके पर बुलाया गया।

सीआई के नाम का इस्तेमाल किसने किया?

एसीबी की जांच का मुख्य बिंदु यह है कि शराब तस्कर से 2 लाख रुपए की मांग किसने की और क्या इस कथित रिश्वतखोरी में अन्य पुलिसकर्मियों की भी भूमिका थी। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि एएसआई ने थानाधिकारी का नाम लेकर रिश्वत मांगी थी या इस पूरे घटनाक्रम में उनकी कोई भूमिका थी।

फिलहाल एसीबी टीम शिकायत में लगाए गए आरोपों और थाने में हुए घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रिश्वत की मांग और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है तथा इस मामले में किन पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
23 Nov 2026, 4:01 PM IST
Published on: