उदयपुर

उदयपुर में शाही शादी की धूम: अमेरिकी जोड़े की रॉयल वेडिंग में बॉलीवुड सितारों ने बढ़ाई रौनक, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर भी पहुंचे

अमेरिकी उद्योगपति रामाराजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और वामसी गडिराजू की शादी में शामिल होने शुक्रवार को बॉलीवुड के कई सितारे उदयपुर पहुंचे। महाराणा प्रताप डबोक एयरपोर्ट पर दिनभर मेहमानों का आगमन हुआ। रात करीब आठ बजे अमरीकन राष्ट्रपति के पुत्र जूनियर डोनल्ड ट्रंप भी चार्टर से लेकसिटी पहुंच गए।

3 min read
Nov 22, 2025
अमेरिकी जोड़े की रॉयल वेडिंग (फोटो- पत्रिका)

Udaipur Royal Wedding: उदयपुर शहर में शुक्रवार से शादियों की धूम शुरू हो गई। 21 नवंबर से 11 दिसंबर तक 22 दिनों में अधिकतर दिन विवाह के मुहूर्त हैं। ऐसे में इन दिनों में लगातार बैंड की धुन के साथ बारातें निकलेंगी और जगह-जगह शादी के कई आयोजन होंगे। इसकी रौनक शुक्रवार से ही दिखाई देने लगी।

बता दें कि अमेरिकी उद्योगपति रामाराजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और वामसी गडिराजू की शादी के कार्यक्रमों का शुक्रवार को भव्य आगाज हुआ। दुल्हन नेत्रा मंटेना और दूल्हे वामसी गडिराजू के हल्दी की रस्म शुक्रवार को ताज लेक पैलेस में हुई तो संगीत और फिल्मी दुनिया के सितारों ने सिटी पैलेस के जनाना महल में शाम को खुशनुमा बनाया।

संगीत कार्यक्रम में शामिल होने बॉलीवुड के कई सितारे दिन में उदयपुर पहुंच गए थे। महाराणा प्रताप डबोक एयरपोर्ट पर दिनभर मेहमानों का आगमन हुआ। रात करीब पौने आठ बजे अमेरिकन राष्ट्रपति के पुत्र जूनियर डोनाल्ड ट्रंप भी लेक सिटी पहुंचे। उनके रुकने की व्यवस्था लीला पैलेस में की गई है।

सितारों से सजी शाम

अभिनेता शाहिद कपूर, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, जैकलीन फर्नांडीज, कृति सेनन और सिंगर सोफिया चौधरी समेत फिल्मी दुनिया की हस्तियां समारोह की शान बनीं। लेक पैलेस में हल्दी की रस्म के दौरान कृति सेनन ने डांस से रिझाया। सिटी पैलेस के जनाना महल में महिला संगीत को निर्देशक करण जौहर और सोफी चौधरी ने होस्ट किया। बाद में कॉफी विद करण की तरह मंच पर दुल्हा-दुल्हन को बैठाकर रोचक अंदाज में सवाल पूछे।

अमेरिकन जोड़े की शादी रविवार को जग मंदिर में होगी, जबकि बारात शनिवार को बड़ी पाल से जगमंदिर पहुंचेगी। फेरे रविवार को होंगे। शादी में अमेरिका का फेमस डीजे ग्रुप और देश-विदेश के डांसर सहित कई कलाकार परफॉर्मेंस देंगे। ये परफॉर्मेंस सिटी पैलेस के माणक चौक और जनाना महल में होगी। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के मशहूर डीजे और संगीत निर्माता ब्लैक कॉफी भी अपना जलवा दिखाएंगे। लंगा और मंगणियार भी लोक गीतों से शादी को भव्य बनाएंगे।

हल्दी की रस्म हुई, कल होंगे फेरे

पिछोला झील के बीच बने जगमंदिर पैलेस में 23 नवंबर को शादी होगी। दुल्हन नेत्रा मंटेना और दूल्हे वामसी गडिराजू के हल्दी की रस्म शुक्रवार को ताज लेक पैलेस में हुई। रात को सिटी पैलेस में बॉलीवुड स्टार की परफॉर्मेंस होगी। इससे पहले अभिनेत्री कृति सेनन ने लीला पैलेस में कलाकारों के साथ रिहर्सल किया। शादी के कार्यक्रम तीन दिन तक चलेंगे।

पंडित जगदीश दिवाकर ने बताया, 17-18 अक्टूबर की रात को सूर्य ने तुला राशि में प्रवेश किया था, जिसने 16 नवंबर को दोपहर 1.36 बजे धनु राशि में प्रवेश किया। सूर्य के तुला राशि में होने से वह नीच का हो जाता है और शुक्र को प्रभावित करता है। ऐसे में इस राशि में सूर्य होने पर विवाह वर्जित रहते हैं।

इधर, विवाह के लिए 21 नवंबर से 11 दिसंबर तक के मुहूर्त ही है। कम समय मिलने से इसमें विवाह के आयोजन अधिक हो रहे हैं। 11 और 12 नवंबर की रात 12.08 बजे शुक्र का तारा अस्त हो रहा है। जो पुन: 1 फरवरी, 2026 को शाम 6.05 बजे उदय होगा। शुक्र अस्त होने पर भी विवाह वर्जित रहते हैं। ऐेसे में अगले साल 1 फरवरी के बाद ही विवाह के मुहूर्त रहेंगे।

शहर की शादियां छह दिन ही

उदयपुर जिला टैंट व्यवसायी समिति के अध्यक्ष सुधीर चावत ने बताया कि शहर में शुक्रवार से शादियों की धूम शुरू हो गई है। इनमें अधिकतर बाहर के लोग आकर होटल और रिसोर्ट में शादी कर रहे हैं। शहर की शादियां 24-25, 29-30 नवंबर और 10-11 दिसंबर को अधिक है। इन दिनों में लगभग सभी वाटिकाएं, टैंट व्यवसायी, हलवाई के साथ ही शादी से संबंधित काम करने वाले बुक है।

ये भी पढ़ें

उदयपुर में होगी अमेरिकी बिजनेसमैन के बेटे की शादी, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर होंगे खास मेहमान, कई फिल्मी हस्तियां भी होंगी शरीक

Updated on:
22 Nov 2025 09:24 am
Published on:
22 Nov 2025 08:49 am
Also Read
View All

अगली खबर