उदयपुर

उदयपुर में सीजन में पहली बार 13 डिग्री पहुंचा रात का पारा, राजस्थान का 5वां सबसे ठंडा शहर बना लेकसिटी; अब और गिरेगा तापमान

Udaipur weather: उदयपुर में सर्दी ने दस्तक तेज कर दी है। सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज हुआ। लेकसिटी राजस्थान का 5वां सबसे ठंडा शहर बन गया है। अगले दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 2:30 PM IST
Udaipur becomes Rajasthan 5th coldest city
उदयपुर में सीजन में पहली बार 13 डिग्री पहुंचा रात का पारा (पत्रिका फाइल फोटो)

Rajasthan Udaipur Weather Update: उदयपुर: नवंबर के दूसरे सप्ताह के साथ ही लेकसिटी में सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले कुछ दिनों से तापमान में जारी उतार-चढ़ाव के बाद अब पारे में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को सीजन में पहली बार उदयपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आने से सुबह और शाम की ठंडक बढ़ गई है। वहीं, दोपहर की धूप की तपिश भी अब कम महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार को 1.2 डिग्री गिरकर 13 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य औसत से 1.2 डिग्री कम है। तापमान में गिरावट के चलते देर रात और सुबह के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। शाम ढलते ही वातावरण में ठंडक बढ़ने से लोगों ने हल्के गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

दिन में भी कम हुई धूप की तपिश, 31.5 डिग्री पर पहुंचा पारा

रात के तापमान के साथ दिन के पारे में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दिनों जहां अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, वहीं अब यह घटकर 31 से 32 डिग्री के बीच आ गया है।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार को 0.6 डिग्री गिरकर 31.5 डिग्री पर पहुंच गया। दिन का तापमान भी सामान्य औसत से 0.6 डिग्री कम है। इसके चलते दोपहर में तेज धूप की तपिश कम हो गई है और मौसम पहले के मुकाबले सुहावना महसूस होने लगा है।

राजस्थान का 5वां सबसे ठंडा शहर बना उदयपुर

न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार, उदयपुर प्रदेश का पांचवां सबसे ठंडा शहर बन गया है। रात के तापमान के मामले में उदयपुर से आगे केवल माउंट आबू, सीकर, सिरोही और भीलवाड़ा हैं।

वहीं, अधिकतम तापमान के मामले में भी उदयपुर में ठंड का असर दिखाई देने लगा है। माउंट आबू में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद उदयपुर और सीकर प्रदेश के उन शहरों में शामिल रहे, जहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज हुआ।

अगले दो दिन बदलेगा मौसम, 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मावठ होने के संकेत हैं। जोधपुर और बीकानेर संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

बादलों और बारिश का सीधा असर मेवाड़ क्षेत्र पर पड़ने की संभावना कम है, लेकिन प्रदेश में बदलते मौसम के चलते उदयपुर के तापमान में भी गिरावट आ सकती है। मौसम के इस बदलाव से ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में लेकसिटी में सुबह और रात की ठंडक और तेज होने के आसार हैं।

Updated on:
14 Nov 2026, 2:30 PM IST
Published on: