Dry Fruits Price Hike: उदयपुर में ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव का असर बाजार पर दिखने लगा है। ईरान व अफगानिस्तान से ड्राई फ्रूट्स और जड़ी-बूटियों की सप्लाई प्रभावित होने से मामरा बादाम, पिस्ता और केसर के दाम तेजी से बढ़ गए हैं।
US-Israel-Iran War: उदयपुर: ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव का असर रसोई के बाद बाजार तक दिख रहा है। ईरान, अफगानिस्तान और खाड़ी देशों से आने वाले ड्राई फ्रूट्स और जड़ी-बूटियों की सप्लाई प्रभावित होने से बाजार में इनके दाम तेजी से बढ़ रहे हैं।
मामरा बादाम, पिस्ता और केसर जैसे महंगे ड्राई फ्रूट्स के भाव में हाल में बड़ा उछाल दिखा। व्यापारियों का कहना है कि ईरान के बंदरगाहों पर बड़ी मात्रा में माल फंसा है। सामान्य परिस्थितियों में ईरान से भारत तक माल आने में तीन महीने का समय लग जाता है। अभी बड़ी मात्रा में माल पोर्ट पर पड़ा होने से बाजार में सप्लाई कम है। स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो शादी और त्योहारी सीजन में कीमतें बढ़ेंगी।
अफगानिस्तान से ड्राई फ्रूट्स पहले पाकिस्तान बॉर्डर के रास्ते आते थे। लेकिन सीमा बंद होने से यह माल ईरान के रास्ते आने लगा। इनमें प्रमुख रूप से अंजीर, मुनक्का, किशमिश, पिस्ता, शाहजीरा, अनारदाना, मुलेठी और अन्य ड्राई फ्रूट्स शामिल हैं।
उदयपुर के किराना और ड्राई फ्रूट्स बाजार में पिछले दिनों से तेजी का माहौल है। ईरान से आने वाला प्रीमियम क्वालिटी का मामरा बादाम, जो पहले करीब 1700 से 4000 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा था, अब बढ़कर 2700 से 7000 रुपए किलो तक पहुंच गया है।
इसी तरह पिस्ता के भाव में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले बाजार में 1600 से 1700 रुपए किलो में मिलने वाला पिस्ता अब करीब 2600 रुपए किलो तक बिक रहा है।
ईरान से आने वाली औषधीय जड़ी-बूटियों के दाम बढ़ गए। ईरानी जड़ी-बूटियों जैसे सालम पंजा, सालम मिश्री, सालम गट्टा के भाव में भी उछाल है। इनका उपयोग आयुर्वेदिक औषधियों और पारंपरिक खाद्य पदार्थों में होता है।
अभी लगभग हर आयातित ड्राई फ्रूट और जड़ी-बूटी में तेजी है। ईरान से आने वाला काफी माल वहां के पोर्ट पर अटका है। तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो बाजार में स्टॉक कम होने पर कीमतें और बढ़ सकती है।
-अनिल मेहता, अध्यक्ष, श्री उदयपुर किराना एवं ड्राई फ्रूट व्यापार संघ