
Mother Dies Due To Son Rivalry: उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बेड़वास कपिल विहार से चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक युवक से रंजिश के कारण बदमाशों ने उसके घर पर 2 बार पथराव किया, वाहनों में तोड़फोड़ की। भागते समय बदमाशों को रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने युवक की मां को टक्कर मार दी जिसके बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने रात को 3 बदमाशों को हिरासत में ले लिया वहीं वाहनों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम में गौड़ों का खेड़ा कानोड़ हाल कपिल विहार निवासी उर्मिला कुंवर (52) पत्नी फतहसिंह गौड़ की मौत हो गई। SUV सवार बदमाशों ने उसे टक्कर मार दी। घटना की वजह उर्मिला कुंवर के बेटे दिव्यराजसिंह से रंजिश होना सामने आया है। निजी अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में शव रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई शनिवार को होगी।
सामने आया कि नांदसा गंगापुर भीलवाड़ा हाल उदयपुर निवासी यशप्रताप सिंह चुंडावत और मिनाणा चित्तौड़गढ़ हाल माली कॉलोनी निवासी यशपाल सिंह झाला के बीच लम्बे समय से विवाद चल रहा है। विवाद में यशप्रताप के साथ दोस्त दिव्यराज भी साथ दे रहा था। शुक्रवार दोपहर यशप्रताप व यशपाल सिंह के गुट भिड़ गए थे। दोपहर को यशप्रताप का गुट यशपाल के सबसिटी सेंटर स्थित ऑफिस पहुंचा, जहां हंगामा किया। इसकी जानकारी यशपाल को मिली तो वह अपने साथी यशर्वधन सिंह, बेड़वास निवासी विशाल शर्मा, शोभजी का खेड़ा निवासी यशवर्धन सिंह चुंडावत उर्फ गोटी, भैसाणा निवासी नरेंद्र सिंह जैतावत उर्फ चिंटू सहित 8-10 लोग तीन वाहनों में सवार होकर दिव्यराज सिंह के घर पहुंचे। वहां कारों में जमकर तोड़फोड़ की। यह देखकर घर में से दिव्यराजसिंह की मां उर्मिला कुंवर निकली। वह भागते बदमाशों को रोकने के लिए एसयूवी के सामने खड़ी हो गई। बदमाशों ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकले। भीड़ जमा हो गई और उर्मिला को निजी अस्पताल ले गए जहां मौत हो गई।
बदमाशों ने दिव्यराज सिंह के घर पर दो बार हमला किया। पहला हमला शाम 4.30 बजे और दूसरा हमला 5.30 बजे किया गया। दूसरी बार के हमले के दौरान दिव्यराज की मां उर्मिला कुंवर शिकार हो गई। सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हमले और महिला को कुचलने की जानकारी मिलने पर प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव मौके पर पहुंचे।
जानकारी में आया कि दोनों गुटों के बीच आपसी लेनदेन को लेकर करीब तीन माह से रंजिश चल रही थी। इसी के कारण बदमाशों ने शुक्रवार सुबह भी हिरणमगरी क्षेत्र के विवेक पार्क के पास हमले का प्रयास किया था। लेकिन, वहां दिव्यराज सिंह के नहीं मिलने पर वारदात टल गई थी। घर पर हमले के बाद भी दिव्यराज के पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए थे, जहां भी टकराव हो जाता, लेकिन इससे पहले बदमाश भाग चुके थे।