उदयपुर

उदयपुर में एडवेंचर के दौरान 70 फीट ऊपर हवा में फंसे पर्यटक, गुजरात से आए थे 4 दोस्त

Udaipur Tourist: 70 फीट की ऊंचाई, नीचे दौड़ती गाड़ियां और हवा में लटकी जिंदगी… उदयपुर में जिप लाइन राइड के दौरान दो पर्यटक अचानक बीच रास्ते में फंस गए। घबराए युवकों की चीखें सुनते ही रेस्क्यू टीम हरकत में आई और महज ढाई मिनट में दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।
2 min read
Jun 18, 2026
Udaipur Tourist
Udaipur: जिप लाइन में अटके टूरिस्ट (फोटो- Social Media)

उदयपुर। जिले में रोमांचक जिप लाइन राइड के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। पिछोला झील के किनारे स्थित दूधतलाई क्षेत्र में बुधवार शाम दो पर्यटक करीब 70 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटक गए। हालांकि मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम की तत्परता से दोनों को महज ढाई मिनट के भीतर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गुजरात से चार दोस्त घूमने के लिए उदयपुर पहुंचे थे। इनमें सुनील, अल्पेश, ऋत्विक और सुमित ने दूधतलाई स्थित जिप लाइन राइड का आनंद लेने का फैसला किया। दीनदयाल पार्क से माणिक्यलाल वर्मा पार्क तक संचालित होने वाली इस जिप लाइन की कुल लंबाई करीब 630 मीटर है, जिसे सामान्य परिस्थितियों में 45 सेकेंड में पूरा किया जाता है।

मौसम खराब होने से फंसे

चारों दोस्तों को दो-दो के समूह में रवाना किया गया था। इसी दौरान एक समूह अपने गंतव्य से लगभग 20 मीटर पहले पहुंचा ही था कि अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे उनकी गति धीमी पड़ गई और दोनों पर्यटक जिप लाइन के बीच में ही रुक गए। नीचे सड़क पर लगातार वाहन गुजर रहे थे, जिससे दोनों घबरा गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।

रेस्क्यू टीम ने निकाला

स्थिति की जानकारी मिलते ही पहले से तैनात रेस्क्यू टीम सक्रिय हो गई। टीम के सदस्य सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पर्यटकों को सुरक्षित तरीके से वापस शुरुआती प्वाइंट तक ले आए। पूरे बचाव अभियान में करीब ढाई मिनट का समय लगा।

जिप लाइन के संचालक ने क्या कहा ?

जिप लाइन के संचालक शरद अग्रवाल ने बताया कि अचानक मौसम में बदलाव और तेज हवा के कारण यह स्थिति बनी थी। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम हमेशा तैयार रहती है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि राइड शुरू करने से पहले प्रत्येक यात्री को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। साथ ही समय-समय पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पर्यटक खूब करते हैं पसंद

उल्लेखनीय है कि उदयपुर के दूधतलाई स्थित इस जिप लाइन की शुरुआत अक्टूबर 2025 में हुई थी और तब से यह पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Updated on:
19 Jun 2026 10:48 am
Published on:
18 Jun 2026 05:13 pm