उज्जैन

Ujjain news: स्वाइन फ्लू से 60 साल की महिला की मौत, बदलते मौसम में इग्नोर न करें ये 4 लक्षण

Swine flu: 60 वर्षीय सरोज नागर की स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई, जो इस सीजन की प्रदेश में पहली मौत बताई जा रही है।
2 min read
Aug 20, 2026
Swine flu: स्वाइन फ्लू से महिला की मौत (Photo Source - Patrika)
Swine flu: स्वाइन फ्लू से महिला की मौत (Photo Source - Patrika)

Ujjain news: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने लगे है। जानकारी के मुताबिक ऋषिनगर एक्सटेंशन निवासी करीब 60 वर्षीय सरोज नागर की स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने के बाद इंदौर में उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। महिला में 31 जुलाई को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में रैफर किया गया था। हालांकि, उज्जैन स्वास्थ्य प्रशासन को महिला की स्वाइन फ्लू से मौत की अधिकृत जानकारी इंदौर स्वास्थ्य प्रशासन से अब तक प्राप्त नहीं हुई है।

दिया गया वेंटिलेटर सपोर्ट

महिला की तबीयत खराब होने पर 28 जुलाई को उन्हें अवंतिका अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने और स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर 31 जुलाई को जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला को गंभीर स्थिति में इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी था। डॉ. एचपी सोनानिया ने बताया कि 31 जुलाई को महिला के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद शहर में स्वाइन फ्लू का मामला सामने आया है।

दावा- आसपास के क्षेत्र में भी कराया सर्वे

महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया कि टीम ने उनके परिवार और आसपास के क्षेत्र में सर्वे किया। डॉ. सोनानिया के अनुसार, सर्वे के दौरान अन्य किसी व्यक्ति में वायरल संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसे मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू से इस सीजन की पहली मौत बताया जा रहा है। मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग संक्रमण को लेकर निगरानी और जरूरी जानकारी जुटा रहा है।

ये हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण और बचाव

स्वाइन फ्लू इन्फ्लूएंजा ए (एच1एन1) वायरस के कारण होने वाला संक्रामक श्वसन रोग है। यह मुख्य रूप से खांसने, छींकने या संक्रमित सतहों को छूने से फैल सकता है। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और शरीर में दर्द इसके प्रमुख लक्षण हैं। संक्रमण बढ़ने पर सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोना, आवश्यकता होने पर मास्क पहनना और सर्दी-जुकाम या फ्लू से पीड़ित व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखना जरूरी है। लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

इंदौर स्वास्थ्य विभाग को भर्ती होने की जानकारी नहीं

इंदौर के सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने बताया, बुधवार शाम 6 बजे तक ऐसी कोई सूचना हमारे पास नहीं आई। जानकारी के बाद पुष्टि कर पाएंगे। इंदौर में अलग-अलग जिलों के कितने मरीज भर्ती हैं, इसकी जानकारी नहीं है। यह जानकारी अस्पतालों से ली जाएगी। इंदौर में अब तक स्वाइन फ्लू से ग्रस्त पांच मरीज मिल चुके हैं।

क्या होता है स्वाइन फ्लू ?

जानकारी के लिए बता दें कि स्वाइन फ्लू को H1N1 वायरस भी कहते हैं। यह इंफ्लुएंजा के एक नए स्ट्रेन जैसा है, क्योंकि इसके लक्षण भी सामान्य फ्लू जैसे ही होते हैं। स्वाइन फ्लू मूल रूप से सूअरों में होने वाली बीमारी है, जो इंसानों में भी फैल गई। इंसानों में इसका संक्रमण रेट यानी एक व्यक्ति से दूसरे में फैलने की गति काफी तेज है। डॉक्टर्स का मानना है कि स्वाइन फ्लू एक तरह की रेस्पिरेटरी डिजीज है, जो हमारे श्वसन तंत्र को प्रभावित करती है।

Updated on:
20 Aug 2026 11:04 am
Published on:
20 Aug 2026 11:04 am