
Ujjain ASI Bribery New Trick: मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरों पर लगातार हो रही कार्रवाई को देखते हुए अब रिश्वत लेने की नए-नए तरीके निकाले जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उज्जैन जिले से गुरुवार को सामने आया है। यहां एक एएसआई ने शिकायतकर्ता से सीधे पैसे लेने की जगह चाय दुकान संचालक को माध्यम बनाया। ये सब इसलिए क्योंकि जब लोकायुक्त कार्रवाई करे तो वो न फंसे। लेकिन लोकायुक्त ने इस तरीके को भी पकड़ लिया।
गुरुवार को महाकाल परिसर स्थित चाय की दुकान पर 6 हजार रुपए लेते संचालक को रंगेहाथ पकड़ा गया। मामला तराना थाना क्षेत्र की नैनावद चौकी पर पदस्थ एएसआई मोहनलाल मालवीय से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने एक परिवार की महिला और युवती को कथित झूठे अपराध में जेल नहीं भेजने के बदले 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के दौरान बाद में सौदा 6 हजार रुपये में तय हुआ था।
एसपी विनोद कुमार दीक्षित ने बताया कि तराना के गांव गोलवा निवासी ईश्वर राजोरिया ने शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने पर ट्रेप की योजना बनाई गई। आरोप के अनुसार, एएसआई ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम नैनावद निवासी चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था। गुरुवार को शिकायतकर्ता ने दुकान पर पहुंचकर 6 हजार रुपए दिए। रकम लेते ही लोकायुक्त टीम ने देवड़ा को पकड़ लिया।
इस मामले में खास बात यह है कि रिश्वत की कथित मांग पुलिसकर्मी ने की, लेकिन रकम लेने के लिए दूसरे व्यक्ति को आगे किया। ऐसे मामलों में रिश्वत लेने वाले और रकम पहुंचाने वाले के बीच संबंध, किसके कहने पर रकम ली गई और किस उद्देश्य से ली जा रही थी, जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। हालांकि, चाय दुकानदार देवड़ा ने कबूल किया है कि एएसआई मोहनलाल मालवीय के कहने पर उसने महिला से रुपए लिए थे। महिला के रुपए देने से पहले एएसआई मालवीय ने देवड़ा को फोन कर बताया था कि उसके पास 6 हजार रुपए की राशि पहुंचने वाली है। वहीं, लोकायुक्त की जांच का विषय यह भी है कि देवड़ा ने इससे पहले और कितने लोगों से मालवीय के कहने पर रिश्वत ली थी। लोकायुक्त ने चाय दुकान संचालक और एएसआई मोहनलाल मालवीय, दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।