उज्जैन

Ujjain: खेत में फसल कटाई बनी छात्राओं की मुसीबत, एकसाथ 21 छात्राएं बीमार, दो शिक्षक भी प्रभावित

Champakheda Girls Hostel: चांपाखेड़ा के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में अचानक 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। खांसी, उल्टी और गले में जलन की शिकायत के बाद सभी को खाचरौद अस्पताल में भर्ती कराया गया। खेत में फसल कटाई से उड़ी धूल और तेज गंध को संभावित कारण माना जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 3:52 PM IST
Champakheda Girls Hostel
खाचरौद अस्पताल में छात्राओं के परिजन की लगी भीड़ (फोटो सोर्स: Patrika)

Ujjain News : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाले चांपाखेड़ा गांव में स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां अचानक एक साथ 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि, छात्राओं को एकाएक खांसी चलना शुरु हुई, इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं, साथ ही चक्कर और गले में जलन जैसी शिकायत होने लगीं। सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल एंबुलेंस की मदद से खाचरौद के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि, ये घटना सोमवार रात उस समय की है, जब छात्राएं छात्रावास में पढ़ाई कर रही थीं। छात्रावास के पास स्थित खेत में चिरायता की फसल की कटाई चल रही थी। इसी दौरान बड़ी मात्रा में धूल उड़कर छात्रावास के कमरों तक पहुंचने लगी। ठंड के कारण छात्रावास की खिड़कियां और दरवाजे बंद थे. ऐसे में धूल और गंध के संपर्क में आने से छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

शाम तक मिल सकती है सभी को छुट्टी

पहले तो तबियत बिगड़ने का सिलसिला कुछ छात्राओं से शुरु हुआ, जिसके चलते छात्रावास प्रबंधन उन्हें स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। लेकिन एकाएका कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते प्रभावित छात्राओं की संख्या बढ़कर 21 हो गई। एक साथ इतनी छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से छात्रावास में हड़कंप मच गया। इसके बाद सभी को खाचरौद अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। फिलहाल, मौजूदा अपडेट ये है कि, उपचार के बाद सभी छात्राओं की तबियत में सुधार है। शाम तक सभी की हालत सामान्य रही तो उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी जाएगी। बताया जा रहा है कि, इस घटना में दो शिक्षक भी प्रभावित हुए हैं।

SDM ने किसानों को दी सलाह

इधर, घटना की जानकारी लगते ही एसडीएम नेहा साहू समेत स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम ने छात्रावास भी पहुंची और मौके का भी जायजा लिया। यहां खेतों से लगातार धूल उड़ रही थी और तेज गंध भी महसूस हो रही थी। इसके बाद उन्होंने किसानों को फसल कटाई के दौरान मास्क पहनने और जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

Updated on:
24 Nov 2026, 3:52 PM IST
Published on: