उज्जैन

MP में होंगे कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के हॉकी मैच, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

MP News: मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के बल पर हमारा प्रयास रहेगा कि 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाएं यहां और प्रदेश में आयोजित हों।

3 min read
Mar 08, 2026
CM Mohan Yadav 2030 Commonwealth Games hockey ujjain hockey stadium mp news
CM Mohan Yadav hopes 2030 Commonwealth Games in ujjain (फोटो- डॉ.मोहन यादव फेसबुक पेज)

CM Mohan Yadav-उज्जैन के नानाखेड़ा स्थित स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक हॉकी टर्फ बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इसका भूमिपूजन किया। उन्होंने उज्जैन में प्रदेश की स्वीमिंग एकेडमी स्थापित करने की घोषणा के साथ हमासपुरा में भी स्टेडियम की सौगात देने का वादा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के बल पर हमारा प्रयास रहेगा कि 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स (2030 Commonwealth Games) की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाएं यहां और प्रदेश में आयोजित हों।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, 215 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में विकसित स्टेडियम में हॉकी टर्फ 48.71 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगा। सुविधाओं की बढ़ोतरी से खेलों का स्तर सुधरेगा। प्रदेश सरकार खेल को बढ़ावा दे रही है। हमारे खिलाड़ी एशिया और ओलंपिक तक में पदक हासिल कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 में जो कॉमन वेल्थ गेम्स का आयोजन होने वाला है, हम प्रयास कर रहे हैं कि इससे मप्र लाभान्वित हो। (MP News)

खेल विभाग को हस्तांतरित करेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की धनराशि जहां-जहां खर्च हुई है, उनके बेहतर प्रबंधन के लिए जहां जिस विभाग को लगाने आवश्यकता है, लगाएंगे। स्मार्ट सिटी के माध्यम से स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट को 800 करोड़ से अधिक की विभिन्न रचनाएं मिली हैं। इनका उपयोग बेहतर से बेहतर किया जाएगा ताकि भविष्य में खिलाडियों को अच्छी सुविधाएं मिले। अपने उद्बोधन से पूर्व उन्होंने सांसद अनिल फिरोजिया से गुफ्तगू की। इसके बाद उनकी तरफ इशारा करते हुए कहा कि कहा कि नजरअली कंपाउंड में बनाए गए स्वीमिंगपूल को खेल विभाग को दे दें।

फिर उन्होंने अफसरों से मुखाबित होते हुए कहा, उज्जैन में प्रदेश की स्वीमिंग अकादमी शुरू कर दे। मुस्कुराते हुए स्वीमिंग अकादमी शुरू करने की घोषणा की। कार्यक्रम को सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने भी संबोधित किया। निगम अध्यक्ष कलावती यादव, संजय अग्रवाल, जगदीश पांचाल, डॉ. प्रभुलाल जाटवा, रूप पमनानी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन ज्वलंत शर्मा ने किया। आभार संचालक खेल एवं युवा कल्याण अंशुमन यादव ने माना।

साख का सवाल है, अनजान मत बनना

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में वर्ल्ड क्लास फेसेलिटी वाले ग्राउंड तैयार हो रहे है। इस बीच उन्होंने खेल अधिकारियों को चेतावनी दी कि, भाई स्पोट्र्ट्स के आप दोनों अधिकारी हो, खिलाड़ियों के तैयार हो रहे एस्ट्रो टर्फ पैवेलियन और अन्य सुविधा में कोई कमी तो नहीं रहने वाली है? जांच करके बतला देना। अनजान मत बनना, ये हमारे लिए साख सवाल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में के सर्वसुविधा युक्त स्पायरा स्टेडियम होगा। हासमपुरा फोरलेन से जुड़ रहा है। इससे गांव-गांव के प्रतिभाशाली खिलाडियों को खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विभिन्न जिलों में नए स्टेडियम, खेल परिसर व प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उक्त निर्माण कार्य से उज्जैन धीरे-धीरे खेलों का हब बनने की ओर अग्रसर है।

एक के बाद एक खेल मैदानों की सौगात

सीएम डॉ. यादव ने कहा, उज्जैन को खेल मैदानों की एक के बाद एक सौगाते मिल रही है। सबसे पहले खेल मैदान के लिए 8.71 हेक्टेयर (21.77 एकड़) भूमि खेल विभाग व खिलाडियों की दिलवाई गई। उसके बाद एथलेटिक सिंथेटिक्स ट्रेक जो 7.22 करोड़, लॉन टेनिस सिन्थेटिक मैदान व ग्रास से निर्मित फुटबॉल मैदान, 11.43 करोड़ से निर्मित राजमाता सिंधिया बहुउद्देशीय खेल परिसर जिसमें आधुनिक रूप से निर्मित शूटिंग रेंज, बेडमिंटन हॉल, मल्लखंब, जिम्नेशियम हॉल जिसमें 1.50 करोड़ के उपकरण की सौगात शहरवासियों को दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां स्थापित की गई है। इसी का परिणाम है कि पूर्व में जहां मप्र के खिलाड़ी एशियन गेम्स और ओलंपिक गेम्स में मात्र प्रतिभागिता कर पाते थे, अब पदक भी जीत रहे।

मुख्यमंत्री के प्रयास से भारत लौटे जैन परिवार ने आभार जताया

शारजहां गया शहर का जैन परिवार (अशोक तल्लेरा व परिजन) भी युद्ध के चलते दुबई में फंस गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री से संपर्क करने के बाद उनके विशेष प्रयासों से यह परिवार सकुशल वापस उज्जैन पहुंच सका। शनिवार को जैन परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का वीवीआईपी गेस्ट हाउस पर अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। (MP News)

Published on:
08 Mar 2026 08:42 am