उज्जैन

उज्जैन के जिस घर में बीता सीएम मोहन यादव का बचपन, अब उसी पर लगा लाल निशान

CM Mohan Yadav Ancestral House: सीएम मोहन यादव का पैतृक मकान भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आया, 1974 में दादा ने बनवाया था मकान, सीएम की बहन बोलीं- शहर के विकास के लिए प्रभावित हिस्सा देने तैयार।
2 min read
• •
Sep 24, 2026
CM MOHAN YADAV UJJAIN
cm mohan yadav ancestral house road widening, सीएम मोहन यादव व उनका पैतृक मकान (Source-Patrika)

Ujjain CM Mohan Yadav Ancestral House: मध्यप्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच पुराने शहर की सड़कें चौड़ी करने की कवायद अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पैतृक घर तक पहुंच गई है। खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने के लिए नगर निगम ने सर्वे और मार्किंग शुरू कर दी है। इस मार्ग की जद में मुख्यमंत्री का पुश्तैनी मकान भी आ रहा है। निगम की टीम ने मकान पर लाल निशान लगाए हैं। कुल 272 मकान-दुकान प्रभावित होंगे। मुख्यमंत्री की बहन और नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि इसी घर में हमारा बचपन बीता है। मकान भले ही परिवार की स्मृतियों से जुड़ा है, लेकिन शहर के विकास और सिंहस्थ की व्यवस्थाओं के लिए प्रभावित हिस्सा देने को परिवार तैयार है।

1974 में दादा ने बनवाया था मकान

कलावती यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दादा रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में यह मकान बनवाया था। इसी घर में डॉ. यादव, उनके भाई-बहनों और पूरे परिवार का बचपन बीता। वर्तमान में उनके चाचा शंकरलाल यादव का परिवार यहां निवास करता है। चौड़ीकरण में मकान का करीब 15 फीट हिस्सा प्रभावित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मकान नहीं, परिवार की स्मृतियों का केंद्र है, फिर भी शहर के विकास के लिए प्रभावित हिस्सा देने में कोई आपत्ति नहीं है।

730 मीटर मार्ग होगा 15 मीटर चौड़ा

खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में मार्ग की चौड़ाई करीब 6 से 8 मीटर है। प्रस्तावित चौड़ीकरण पर करीब 9.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए इस मार्ग को महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है।

272 मकान-दुकान जद में आएंगे

प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होना प्रस्तावित हैं। इनमें मकान और दुकान दोनों शामिल हैं। नगर निगम ने सोमवार से मार्ग की नपती और सड़क सीमा की मार्किंग शुरू कर दी है। प्रभावित भवनों के हिस्सों पर निशान लगाकर प्रस्तावित सड़क की सीमा निर्धारित की जा रही है।

नपती के बाद होगी अगली कार्रवाई

भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता और निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग की नपती और प्रभावित भवनों की मार्किंग की। टीम स्थल निरीक्षण के साथ प्रस्तावित सड़क सीमा के अनुरूप आवश्यक जानकारी भी जुटा रही है। नपती और सर्वे पूरा होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
24 Sept 2026 08:26 pm
Published on:
24 Sept 2026 08:26 pm