
Ujjain news: ऑनलाइन खरीदारी में सस्ती ज्वेलरी का लालच और एयरपोर्ट पर पार्सल अटकने का बहाना साइबर ठगी का जरिया बन गया। हीरा मिल की चाल निवासी प्राइवेट स्कूल टीचर देवकी यादव से लंदन से डायमंड रिंग और सोने की ज्वेलरी भेजने के नाम पर 60 हजार ठग लिए गए। वहीं, उद्योगपुरी नागझिरी में बैठे खली ब्रोकर भारत सिंह चौहान के तीन बैंक खातों से 1.13 लाख रुपए निकल गए। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
बता दें कि हीरा मिल चाल निवासी देवकी यादव को एक अनजान व्यक्ति ने फोन कर बताया कि वह जिस कंपनी का वीडियो देख रही है। वह कम कीमत पर डायमंड रिंग और सोने की ज्वेलरी भेजती है। इसके बाद उन्हें कोरियर बॉय से संपर्क करने को कहा गया। कोरियर बॉय ने 12 हजार रुपए खाते में जमा करवाए। कुछ देर बाद फोन आया कि ज्वेलरी एयरपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी में अटक गई है और उसे छुड़ाने के लिए 48 हजार रुपए और देने होंगे। देवकी ने यह रकम भी जमा कर दी, लेकिन ज्वेलरी नहीं मिली। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने देवासगेट थाने में शिकायत की।
दूसरी घटना में भारत सिंह चौहान ने नागझिरी पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर की दोपहर वे मोहित इंडस्ट्रीज, उद्योगपुरी में बैठे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल हैंग हो गया। रीस्टार्ट करने पर पता चला कि तीन बैंक खातों से कुल 1.13 लाख रुपए निकल चुके हैं। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। पुलिस के अनुसार, करीब 15 हजार रुपए वापस हो गए हैं, जबकि शेष राशि खातों में फ्रीज होने की जानकारी दी गई।
सस्ते सामान का लालचः बाजार से बहुत कम कीमत पर सोना-हीरा देने के दावे की स्वतंत्र रूप से जांच करें।
एयरपोर्ट फीस का बहानाः पार्सल छुड़ाने के नाम पर अनजान व्यक्ति या खाते में रकम न डालें। कूरियर कंपनी से आधिकारिक माध्यम पर पुष्टि करें।
मोबाइल हैंग होने पर सतर्कताः अचानक मोबाइल बंद या हैंग होने और बैंक से संदिग्ध संदेश आने पर दूसरे सुरक्षित फोन से बैंक से संपर्क कर खाते की जांच कराएं।
तुरंत शिकायत करें: ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें शिकायत दर्ज करें। जल्दी और शिकायत करने से रकम रोकने की संभावना बढ़ सकती है।