उज्जैन

Ujjain News: 2 साल की बेटी के साथ बिस्तर पर सो रहे पिता का शव मिला, नाइट ड्यूटी पर थी पत्नी

Man Found Dead: पत्नी ने पति को कई बार कॉल किए, कॉल न उठने पर पत्नी ने रिश्तेदार को घर भेजा तो बेटी सोती मिली और पति की थम चुकी थीं सांसें।
2 min read
Sep 11, 2026
ujjain chimanganj police station file
ujjain chimanganj police station file, चिमनगंज पुलिस स्टेशन की फाइल तस्वीर (Source-Patrika)

Ujjain Man Found Dead: मध्यप्रदेश के उज्जैन में शुक्रवार को एक युवक का शव उसके ही घर में बिस्तर पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना शहर के खंडेलवाल नगर की है जहां युवक के साथ 2 साल की बेटी भी बिस्तर पर सो रही थी। युवक की पत्नी एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स है जो कि नाइट ड्यूटी पर थी। सुबह जब पत्नी ने पति को कई बार कॉल किए और कॉल रिसीव नहीं हुआ तो उसने पास में ही रहने वाले रिश्तेदार को घर भेजा तो घटना का पता चला।

नाइट ड्यूटी पर गई थी पत्नी

खंडेलवाल नगर में रहने वाले 32 वर्षीय शुभम निगम का घर के बिस्तर पर शव मिला है। शुभम की पत्नी मुस्कान एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात मुस्कान की नाइट ड्यूटी थी। वो ड्यूटी पर गई थी और शुभम व 2 साल की बेटी घर पर थे। शुक्रवार की सुबह मुस्कान ने पति शुभम को कई बार मोबाइल पर कॉल किए लेकिन शुभम ने कॉल अटेंड नहीं किया। इसके कारण मुस्कान को चिंता हुई और उसने अपने एक रिश्तेदार भूपेन्द्र को घर पर भेजा।

सोती मिली बेटी, पिता की थम चुकी थीं सांसें

रिश्तेदार भूपेन्द्र जब घर पहुंचा तो उसने देखा कि बिस्तर पर शुभम और दो साल की बेटी अनिसा सो रहे थे। भूपेन्द्र ने शुभम को जगाने का प्रयास किया लेकिन वो नहीं उठा। भूपेन्द्र ने बताया कि शुभम का शरीर ठंडा पड़ा हुआ था जबकि बेटी गहरी नींद में सो रही थी। इसके बाद भूपेन्द्र ने शुभम की पत्नी मुस्कान और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शुभम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। बताया गया है शुभम एक फायनेंस कंपनी में काम करता था, आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से शुभम की मौत हुई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा, फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Updated on:
11 Sept 2026 04:35 pm
Published on:
11 Sept 2026 04:35 pm