
Ujjain Minor Girl Crime: मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। नाबालिग 26 सितंबर को लापता हुई और फिर 27 सितंबर को अपने घर लौट आई थी। वापस लौटने पर माता-पिता ने उससे पूछताछ की तो बेटी ने अपहरण होने की बात बताई थी। वापस लौटने के बाद से बेटी गुमसुम रहने लगी थी, माता-पिता ने भरोसे में लेकर उससे बात की तो उसने बताया कि चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। बेटी की बात सुनते ही माता-पिता हैरान रह गए, परिजन बेटी को पुलिस थाने लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि उसकी जान पहचान इलाके के ही एक हम उम्र लड़के से थी। 26 सिंतबर को उसने मिलने के लिए बुलाया, क्योंकि वो लड़के को पहले से जानती थी इसलिए उससे मिलने चली गई। लड़का उसे एक दोस्त के कमरे पर ले गया वहां तीन लड़के पहले से मौजूद थे। पीड़िता के मुताबिक कमरे में चारों लड़कों ने उसके साथ सामूहिक ज्यादती की और धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो बहुत बुरा अंजाम होगा। इसके बाद पीड़िता दूसरे दिन अपने घर पहुंची थी।
पीड़िता जब 26 सितंबर को घर नहीं लौटी तो परिजन ने उसकी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला। दूसरे दिन 27 सितंबर को पीड़िता घर पहुंची तो परिजन के पूछने पर उसने डर के कारण अपहरण होने की बात कही थी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी नाबालिग हैं जिनमें से दो को पकड़ लिया गया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।