
उज्जैन. सिंहस्थ से पहले पांच करोड़ रुपए खर्च कर संवारे गए नीलगंगा हाट बाजार में एक बार फिर रौनक लौटने की उम्मीद है। दो साल से सूने पड़े हाट बाजार को दोबारा से खोलने के लिए यहां दुकानें किराए पर देने तथा फूड व किड्स जोन खोलने की तैयारी शुरू की गई है। जिला पंचायत ने दोनों कामों के लिए टेंडर जारी किए हैं, जो २१ दिसंबर को खुलेंगे। बता दें, संभागीय हाट बाजार में हस्तशिल्प व स्थानीय कारीगरों को व्यवसाय बढ़ाने में मदद तथा लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के लिए विकसित किया गया है। सिंहस्थ के दौरान यहां दुकानें संचालित हुईं, इसके बाद से ही यह बंद पड़ा हुआ है।
नो दुकानें सालभर के किराए पर
हाट बाजार के टेंडर में ९ दुकानें सालभर के लिए किराए पर दी जाएंगी। इन दुकानों में हस्तशिल्प से जुड़े कारीगर या संस्था ले सकती है। इसके लिए टेंडर में दुकान का किराया भरकर देना होगा। सिंहस्थ के बाद निर्माण के बाद से हाट बाजार सूना पड़ा हुआ है। भवन का आयोजन सरकारी शिविर और रोजगार मेला लगाने के काम आ रहा है। उपयोग नहीं होने के कारण बाजार के भवन को भी नुकसान पहुंच रहा है, क्योंकि बाजार का मेंटेनेस पर ध्यान देने वाला कोई नहीं है। हाट बाजार बनने के बाद दुकानों को रेंट पर देने की जो योजना थी वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद जिला पंचायत ने कई प्रस्ताव तैयार किए। अब नए प्रस्ताव पर काम शुरू हुआ है।
किड्स व फूड जोन भी ठेके पर
हाट बाजार में फूड व किड्स जोन भी खोला जाएगा। यह व्यवस्था भी पूरी तरह ठेके पर रहेगी। इसमें ठेकेदार फूड दुकानों के साथ बच्चों के खेलने के लिए झूले व अन्य इंतजाम करेंगे। दरअसल हाट बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को लुभाने तथा समय व्यतीत करने के लिए फूड व किड्स जोन खोला जा रहा है।