उज्जैन

एमपी के इस शहर तोड़े जाएंगे ‘236 मकान’, चौड़ी होंगी सड़कें

MP News: निगम द्वारा मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसके लिए पूर्व में जारी टेंडर में दरें अधिक होने से निरस्त कर दिया था।

2 min read
Jun 29, 2025
प्रतिकात्मक फोटो (सोर्स: पत्रिका)

MP News: एमपी में सिंहस्थ को लेकर शहर में विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसमें गदा पुलिया से रविशंकर नगर मार्ग सिंहस्थ के साथ ही महाकाल लोक पहुंच के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। यह मार्ग रेलवे व बस स्टैंड से यात्रियों को सीधा महाकाल लोक, शिप्रा नदी व महाकाल मंदिर तक पहुंचाता है।

निगम द्वारा मार्ग को 24 मीटर चौड़ीकरण को लेकर टेंडर भी जारी कर चुका है। अब इस मार्ग में हरिफाटक ब्रिज के सिक्सलेन के चलते अलायमयेंट का पेंच भी आ गया।

धीमा हुआ प्रोजेक्ट

बीते दिन निगम अधिकारी व सेतु विभाग के अधिकारियों ने मार्ग का निरीक्षण भी किया। दरअसल ब्रिज की एक शाखा गदा पुलिया और दूसरी महाकाल लोक की तरफ बनना है। ऐसे में यहां अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता पड़ सकती है। कुछ मकान भी इसकी जद में आएंगे। वहीं मार्ग चौड़ीकरण में अलायमेंट की नई तरह से योजना बनानी होगी। यहीं नहीं, निगम अब तक रहवासियों द्वारा चौड़ीकरण को लेकर न्यायालय से लिए स्टे भी वैकेंट नहीं करा पाया है। लिहाजा पूरा प्रोजेक्ट ही धीमा हो गया है।

21 करोड़ से 24 मीटर होना है चौड़ा, दूसरी बार टेंडर

निगम द्वारा मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसके लिए पूर्व में जारी टेंडर में दरें अधिक होने से निरस्त कर दिया था। अब दोबारा से टेंडर जारी होकर निविदाओं को निविदा समिति के सामने रखा हुआ है। जल्द ही टेंडर पर स्वीकृति होना है। बता दें कि वर्तमान में मार्ग 6 से 14 मीटर की चौड़ा है। इसे 24 मीटर करने का रहवासी विरोध कर रहे हैं। मार्ग चौड़ीकरण में 236 मकान प्रभावित हो रहे है। इसमें 181 मकान 75 तो 35 मकान 74 फीसदी टूटेंगे।

पूरे मार्ग पर दिनभर जाम की नौबत

महाकाल लोक के कारण रविशंकर नगर मार्ग पर यातायात का काफी दबाब हो गया है। रेलवे व बस स्टैंड से आने वाले यात्री इस मार्ग से महाकाल लोक पहुंच रहे हैं तो इंदौर, बडऩगर रोड से यात्री लालपुल से जयसिंहपुरा होते हुए महाकाल लोक पहुंच रहे हैं। ऐसे में दोनों ओर से वाहन आने और यात्रियों की रेलम-पैल के कारण दिनभर जाम बना रहता है।

रविशंकर नगर मार्ग चौड़ीकरण का टेंडर निविदा समिति के पास स्वीकृति के लिए गया है। मार्ग में हरिफाटक ब्रिज की नई शाखा भी आना है, इसलिए नए सीरे अलायमेंट भी कर रहे हैं। टेंडर मंजूर होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू करेंगे।- दीपक शर्मा, जोनल अधिकारी, जोन क्रमांक ३

Updated on:
29 Jun 2025 01:34 pm
Published on:
29 Jun 2025 01:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर