MP News: अचानक वार्ड में सांप देखकर नर्सिंग स्टाफ सहम गया और वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे....
MP News: चरक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रात में उस समय हड़कंप मच गया, जब शास्त्री नगर निवासी टैक्सी चालक सागर चौधरी हाथों में जिंदा सांप लेकर पहुंच गया। युवक ने डॉक्टर से कहा, डॉक्टर साहब, इसी सांप ने मुझे डंसा है, इसकी प्रजाति पहचान लो और मेरा इलाज करो। अचानक वार्ड में सांप देखकर नर्सिंग स्टाफ सहम गया और वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। नर्सों ने युवक को तुरंत सांप को बाहर छोड़ने की सलाह दी। इस दौरान की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सागर चौधरी रात में देवास गेट चौराहा स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे टैक्सी पार्क कर रहे थे। तभी अचानक सांप ने उनके हाथ में डंस लिया। इसके बाद सागर ने बिना डरे सांप का मुंह दबाकर पकड़ लिया और सीधे अस्पताल पहुंच गए।
इमरजेंसी वार्ड में दाखिल होते ही सांप उनके हाथ से छूट गया। यह देख स्टाफ और मरीजों में भगदड़ मच गई। लेकिन सागर ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को दोबारा पकड़ा और बाद में दोस्तों की मदद से पॉलीथिन में डालकर अस्पताल परिसर से दूर छोड़ आया।सागर चौधरी ने बताया, जीवन में पहली बार मैंने किसी सांप को अपने हाथों से पकड़ा। कल घर पर किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। गुस्से में था, शायद उसी गुस्से में इतनी हिमत आ गई कि सांप पकड़ लिया।
बुधवार रात को हुए अनूठे और चौंकाने वाले घटनाक्रम ने अस्पताल स्टाफ और मरीजों को चौंका दिया। अस्पताल में मामला पूरी रात चर्चा का विषय बना रहा। कई लोगों ने सागर की हिमत की सराहना की, तो कुछ ने इसे लापरवाही बताते हुए कहा कि सांप पकड़ने के चक्कर में गंभीर जोखिम उठाया।
सर्पदंश का मामला आया था। मरीज अपने साथ सांप लेकर आया था, जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि थोड़ी देर बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। रातभर के ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया। वर्तमान में अस्पताल के पास पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम उपलब्ध है।- डॉ. संगीता पलसानिया
-घर, दुकान और गोदाम के आसपास हमेशा सफाईरखें।
-दीवारों के छेद बंद करें, पानी की निकासी पर जालियां लगाएं।
-लकड़ी, पत्थर, कचरा या सामग्री का ढेर न लगाएं।
-खिड़कियों और दरवाजों के पास पौधे या गमले न रखें।
-खेत-खलिहान में हमेशा जूते पहनें और लाठी से आवाज करते हुए चलें।
-झाड़ियों या लकड़ी के ढेर में हाथ-पैर न डालें।