Tamanna Bhatia Visits Mahakal Temple : महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया नंदी हाल में बैठी पूजा-अर्चना कर भगवान महाकाल की भोर की 'भस्म आरती' में शिरकत की।
Tamanna Bhatia Visits Mahakal Temple : मशहूर फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार की सुबह मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान महाकाल की भोर की 'भस्म आरती' में शिरकत की। भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह से भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ नजर आया। वहीं, तमन्ना भाटिया भी इस आध्यात्मिक अनुभव से अभिभूत दिखाई नजर आईं।
मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे महाकाल के दरबार पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया सीधे नंदी हॉल में जाकर बैठीं और पूरी श्रद्धा के साथ भस्म आरती में शामिल हुईं। पूजा के दौरान अपने माथे पर चंदन का लेप लगाए हुए, वो बाबा महाकाल की भक्ति में पूरी तरह से लीन नजर आईं। इस दौरान उन्होंने लगभग दो घंटे तक भस्म आरती के दिव्य नजारे को देखा।
आरती के बाद तमन्ना भाटिया ने नंदी जी की पूजा और अभिषेक किया। इसके बाद चांदी के दरवाजे पर खड़े होकर उन्होंने एक पुजारी के हाथों भगवान महाकाल को जल अर्पित कर उनसे आशीर्वाद लिया।
पूजा-अर्चना करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अभिनेत्री भाटिया काफी भावुक और खुश नजर आईं। भगवान महाकाल के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्होंने मीडिया से बातचीत शुरु करते हुए सबसे पहले 'जय श्री महाकाल…' कहा, फिर उन्होंने कहा कि, यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। इस पवित्र स्थान पर कोई तभी आ पाता है, जब बाबा खुद उसे बुलाते हैं। आज मुझे भस्म आरती में शामिल होने का सौभाग्य मिला है। यह एक ऐसा अनुभव था, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यहां आकर इंसान अपने अंदर एक जबरदस्त सकारात्मक ऊर्जा को महसूस करता है।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से इंजीनियर शिवकांत पांडे ने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया का स्वागत और सम्मान किया। आपको बता दें कि, महाकाल के दरबार में लगभग हर रोज देश-विदेश से नेता, अभिनेता सेत दिग्गज हस्तियां बाबा का आशीर्वाद लेने यहां आते रहते हैं। एक दिन पहले ही अभिनेता अर्जुन रामपाल भी अपनी फिल्म धुरंधर 2 की सफलता पर बाबा का आभार व्यक्त कर दर्शन करने आए थे।
आपको बता दें कि, तमन्ना भाटिया एक सुप्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री हैं, जो दक्षिण भारतीय (तेलुगु, तमिल) और हिंदी फिल्मों में अपने काम के लिए प्रसिद्ध हैं। 15 साल की उम्र में करियर शुरू करने वाली तमन्ना ने 'बाहुबली' (अवंतिका), 'हैप्पी डेज़' और 'हिम्मतवाला' जैसी फिल्मों में जोरदार अभिनय कर ख्याति पाई है। वो एक प्रशिक्षित डांसर और फिटनेस आइकन भी हैं। तमन्ना ने अपने करियर की शुरुआत 2005 में हिंदी फिल्म 'चांद सा रोशन चेहरा' में अभिनय से की थी।