उज्जैन

Ujjain Atithi Niwas Case: ‘बाल खींचकर पीटा, फिर सुरक्षाकर्मियों ने जाते समय किया बाय-बाय…’ महिला ने लगाया बड़ा आरोप

Ujjain Atithi Niwas Case: उज्जैन के अतिथि निवास में कमरा नहीं मिलने पर Prerna Garg और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हुआ। महिला ने मारपीट, मोबाइल छीनने और बेटी से बदसलूकी के आरोप लगाए हैं।
3 min read
Sep 22, 2026
ujjain atithi niwas case prerna garg allegation security guards
Ujjain Atithi Niwas Case: महिला ने पत्रिका से बातचीत के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप (फोटो सोर्स- Patrika)

Ujjain Atithi Niwas Case: मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में स्थित महाकाल मंदिर से जुड़े हरसिद्धि के समीप स्थित पं. सूर्यनारायण अतिथि निवास में कमरा न मिलने के कारण दिल्ली निवासीइंस्टाग्राम पर 'spoonsofflavour' नाम से आईडी चलाने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रेरणा गर्ग (Prerna Garg) और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद को लेकर नई जानकारी सामने आई है। पत्रिका से बातचीत में प्रेरणा ने बताया कि घटना के 6 दिन बाद भी कथित तौर पर मारपीट करने वाले सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई है। महिला ने बताया है कि उसने घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज की भी मांग की थी लेकिन उन्हें अब तक फुटेज नहीं मिल पाई है।

16 सितंबर की है घटना

बता दें कि घटना 16 सितंबर की है। महिला ने अपने सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी शेयर किया है। दरअसल प्रेरणा अपनी 13 साल की बेटी के साथ अतिथि निवास पहुंची और तुरंत कमरा उपलब्ध कराने की मांग करने लगी। सहायक प्रभारी चंदन शर्मा ने महिला को समझाया कि सावन-भादौ मास के बाद 14 सितंबर से दोनों अतिथि निवास की बुकिंग ऑनलाइन की जा रही है। इसलिए काउंटर से तत्काल कमरा मिलना संभव नहीं। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला ने अतिथि निवास के सुरक्षाकर्मियों मारपीट करने और अपनी बेटी के साथ भी बदसलूकी का आरोप लगाया है।

'सुरक्षाकर्मी ने धक्का दिया, मोबाइल छीना और बाल खींचकर मारपीट की'

मंगलवार को पत्रिका से बात करते हुए प्रेरणा ने बताया कि 8 सितंबर को अतिथि निवास में रूम को लेकर उनकी बात हुई थी। तब उन्हें ऑफ सीजन बताकर यह आश्वासन दिया गया था कि जब वे आएंगी, तब उन्हें रूम मिल जाएगा। लेकिन उन्हें रूम देने से मना कर दिया गया। इसके बाद वह परिसर में बैठकर ऑनलाइन होटल तलाश करने लगी। तब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से जाने को कहा।

महिला के अनुसार, जब उन्होंने कहा कि वह और उनकी बेटी होटल बुक करने के बाद वहां से चली जाएंगी, तब सुरक्षाकर्मी ने उनसे अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें धक्का दिया गया। प्रेरणा के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों ने उनका मोबाइल छीना और उनके साथ मारपीट भी की। उनके बाल भी खींचे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की वीडियो बनाने की कोशिश, तब उनका मोबाइल छीन लिया गया। यही नहीं, महिला का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उनकी 13 साल की बेटी के साथ भी बदसलूकी की और उससे फोन का पासवर्ड पूछा।

लोगों के हस्तक्षेप से मिला मोबाइल, जाते समय सुरक्षाकर्मी ने किया 'बाय-बाय'

प्रेरणा ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों से जब उन्होंने मोबाइल मांगा तब उन्होंने मोबाइल देने से मना कर दिया। इसके बाद जब स्थानीय लोगों और पीसीआर ने बीच-बचाव किया तब उन्हें अपना मोबाइल मिला। प्रेरणा के अनुसार, एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें चिढ़ाने के लिए हाथ हिलाकर 'बाय-बाय' भी किया। महिला ने बताया कि उन्हें लोगों ने जानकारी दी कि यहां आए दिन ऐसे मामले सामने आते रहते हैं। महिला ने इसके बाद महाकाल थाने में सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ आवेदन दिया। महिला ने अंत में यह भी आरोप लगाया कि जब उनका मेडिकल प्रशिक्षण चल रहा था तब पुलिसकर्मियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी लेकिन 6 दिन बीत जाने के बाद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।

जांच के बाद करेंगे कार्रवाई, मंदिर समिति को नहीं मिली शिकायत

मामले को लेकर महाकाल थाने के प्रभारी गगन बदल ने बताया कि महिला की ओर से मारपीट और अभद्रता को लेकर आवेदन दिया गया है। प्रभारी ने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर महाकाल मंदिर समिति का कहना है कि मामला संज्ञान में है लेकिन, उन्हें अब तक शिकायत नहीं मिली है।

Updated on:
22 Sept 2026 05:30 pm
Published on:
22 Sept 2026 05:03 pm