उज्जैन

सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन को मिलेगी नई आध्यात्मिक पहचान, चारों शंकराचार्यों के लिए यहां स्थायी केंद्र बनेंगे

Shankaracharya Permanent Centre : उज्जैन में चारों शंकराचार्यों के स्थायी केंद्र बनाने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में इसकी जानकारी दी। सिंहस्थ-2028 के बाद भी ये केंद्र शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 2:34 PM IST
Shankaracharya Permanent Centre
श्रृंगेरी शंकर मठ में कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए सीएम (फोटो सोर्स: Patrika)

Ujjain News :मध्य प्रदेश में स्थित बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के प्रयासों के बीच शहर में चारों शंकराचार्यों के स्थायी केंद्र विकसित करने की पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को ग्राम ढेंढिया में निर्माणाधीन श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल होकर ये बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार की कोशिश है कि, चारों मठों के शंकराचार्यों के स्थायी स्थान उज्जैन में विकसित हो। इससे उज्जैन की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा और बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने शारदा पीठ श्रृंगेरी के शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान अंगवस्त्र और फल की टोकरी भेंट कर उनका अभिनंदन भी किया।

देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा में हुए शामिल

नवनिर्मित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, भगवान गणेश, कार्तिक स्वामी, हनुमानजी और नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजन-अर्चन कर अनुष्ठान में सहभागिता की। प्राण-प्रतिष्ठा और पूजन की विधियां कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ से आए विद्वान ब्राह्मणों के दल ने संपन्न कराईं।

दो शंकराचार्यों के केंद्रों पर काम शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि, आदि गुरु शंकराचार्य ने सनातन धर्म की ध्वजा देशभर में स्थापित करने का महान कार्य किया था। उज्जैन में शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज का स्थायी स्थान बनना इसी परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अब वे अपने प्रवास के दौरान उज्जैन आकर स्थायी रूप से रुक सकेंगे। उन्होंने बताया कि श्रृंगेरी मठ के साथ चारों मठों के शंकराचार्यों के स्थायी आवास विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम शंकराचार्य का स्थान उज्जैन में स्थापित हो चुका है, जबकि द्वारका शंकराचार्य ने भी यहां स्थान के लिए सहमति दी है। इसका निर्माण कार्य जारी है।

सिंहस्थ के बाद भी आध्यात्मिक केंद्रों की होगी भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि, उज्जैन को विश्व धरोहर के रूप में स्थापित करने के प्रयास चल रहे हैं। आध्यात्मिक महापुरुषों और शंकराचार्यों की मौजूदगी से शहर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। सिंहस्थ-2028 के दौरान ही नहीं, बल्कि इसके बाद भी श्रद्धालुओं और आमजन को सुविधाएं मुहैय्या कराने में ये आध्यात्मिक केंद्र खास भूमिका निभाएंगे। सीएम ने ये भी कहा कि, शंकराचार्य के सान्निध्य से उज्जैन की सनातन और सांस्कृतिक परंपरा और मजबूत होगी।

इस मौके पर सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल, विवेक गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआइजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Updated on:
26 Nov 2026, 2:34 PM IST
Published on: