उज्जैन

उज्जैन के खड़े हनुमानजी की जांच में मिला कुछ असाधारण, स्कैनिंग के समय बदली गई CCTV की दिशा, टेंट में भगवान कब तक?

Ujjain Khade Hanuman Mandir: उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में 87 दिन बाद भी प्रतिमा टेंट के नीचे है। चार बार जांच हुई, लेकिन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से सवाल बढ़ते जा रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 8:46 AM IST
ujjain khade hanuman mandir statue investigation report cctv controversy
Ujjain Khade Hanuman Mandir: 87 दिन बाद भी टेंट में भगवान, जांच रिपोर्ट जारी करने की उठी मांग (फोटो सोर्स- Patrika)

Ujjain Khade Hanuman Statue investigation: उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर (Ujjain Khade Hanuman Mandir) में अब प्रतिमा से ज्यादा उसकी जांच चर्चा का विषय बनती जा रही है। मंदिर का मूल ढांचा हटाए जाने के 87 दिन बाद भी प्रतिमा उसी स्थान पर टेंट के नीचे विराजमान है। इस बीच कभी इंदौर, कभी भोपाल तो कभी बाहर से विशेषज्ञों की टीमें बुलाकर जमीन और प्रतिमा के आधार की स्कैनिंग कराई गई, लेकिन अब तक किसी भी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई। नतीजा यह है कि प्रशासन की मंशा और जांच के निष्कर्षों को लेकर श्रद्धालुओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं है। आस्थावान सवाल उठा रहे हैं कि जब प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली तो बार-बार जांच के नाम पर उसे छेड़ने की जरूरत क्या है? अब हिंदू संगठन भी सभी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और प्रतिमा को मूल स्थान पर ही विराजित रखने की मांग उठा रहे हैं।

हर बार नई टीम और तकनीक; निष्कर्ष पर्दे में

5 से 7 सितंबरः प्रतिमा के आसपास करीब डेढ़ फीट खुदाई की गई, लेकिन आधार नहीं मिला और प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली इसी दौरान पुरातत्वविशेषज्ञों ने भी जांच की।

15 सितंबरः आइआइटी इंदौर की विशेषज्ञ टीम ने मशीनों और तकनीकी उपकरणों से करीब दो घंटे तक प्रतिमा के नीचे की संरचना की स्कैनिंग की।

26 अक्टूबरः भोपाल से विशेषज्ञ टीम बुलाकर प्रतिमा और आसपास की जमीन का परीक्षण जीपीआर तकनीक से कराया गया।

22 नवंबर: दिल्ली से आई विशेषज्ञ टीम ने सुबह करीब 5.30 से 6 बजे के बीच इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से फिर स्कैनिंग की। करीब 30 से 45 मिनट तक चली इस प्रक्रिया में दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई।

इन तमाम प्रयासों के बाद भी किसी जांच का निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है। यही चुप्पी अब सवालों को और हवा दे रही है।

जांच में कुछ असामान्य मिलने की अटकलें

प्रतिमा के बार-बार अपनी जगह पर बने रहने को लेकर श्रद्धालुओं के बीच आस्था से जुड़ी चर्चाएं तेज है। कई आस्थावान इसे इस रूप में देख रहे हैं कि हनुमानजी अपने मूल स्थान से हटना नहीं चाहते, लेकिन प्रशासन लगातार नई जांच करवा रहा है। कुछ लोगों के बीच यह अटकलें भी लगाई जा रही है कि वैज्ञानिक परीक्षणों में कोई असामान्य संरचना या विशेष बात सामने आई होगी, जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा। हालांकि, इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जांच के निष्कर्ष सामने रखे जाएं, ताकि भ्रम और अटकलों के बजाय वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

सवाल : देर रात या अलसुबह ही क्यों चुनाते जांच का समय ?

जांच की समय-सारणी भी अब चर्चा का विषय बन गई है। भोपाल की टीम ने रात्रि में परीक्षण किया और 22 नवंबर को टीम सुबह करीब 5.30 बजे पहुंच गई। श्रद्धालु सवाल उठा रहे है कि आखिर जांच के लिए देर रात या अलसुबह का समय ही क्यों चुना जाता है? 22 नवंबर को जांच से पहले परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदले जाने का आरोप भी भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने लगाया था। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संजय यादव ने भी इस पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की है। उनका कहना है कि जांच सार्वजनिक प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए, न कि ऐसी परिस्थितियों में जिनसे संदेह पैदा हो।

रिपोर्ट सार्वजनिक करने को लेकर संगठन हुए मुखर

30 अगस्त को मंदिर हटाने की कार्रवाई का विरोध हुआ था। इसके बाद 1 से 4 सितंबर के बीच मंदिर का शिखर और मुख्य ढांचा हटाया गया। प्रशासन की योजना प्रतिमा को टंकी चौक के पास नए मंदिर में स्थापित करने की थी, लेकिन खुदाई के बाद भी प्रतिमा नहीं हिली। तब से प्रतिमा टेंट के नीचे विराजमान है। अब अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद-राष्ट्रीय बजरंग दल सहित हिंदू संगठन इंदौर, भोपाल और दिल्ली की सभी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, प्रतिमा को मूल स्थान पर सम्मानपूर्वक विराजित रखने और सरकार की ओर से स्पष्ट निर्णय देने की मांग कर रहे हैं। सवाल अब केवल प्रतिमा के स्थानांतरण का नहीं, बल्कि लगातार चल रही जांच प्रक्रिया की पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की भावनाओं का भी है।

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल की मांगें

1 इंदौर, भोपाल व दिल्ली की जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

  1. श्री खड़े हनुमान जी को टेंट से सम्मानपूर्वक उसी स्थान पर विराजमान कराया जाए, जहां हैं।
  2. मंदिर के विषय पर सरकार द्वारा स्पष्ट जवाब दिया जाए।
  3. मंदिर के पुजारी पं. महेश बैरागी जी को बार-बार परेशान न किया जाए और किसी भी अधिकारी द्वारा उन पर दबाव न बनाया जाए।
Updated on:
24 Nov 2026, 8:46 AM IST
Published on: