
Ujjain News :मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में स्थित विक्रम उद्योगपुरी में फार्मास्युटिकल क्षेत्र को नई गति देने वाली औद्योगिक इकाई का शुभारंभ हो गया है। उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री डॉ, मोहन यादव ने जे.के लाइफ केयर सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई की शुरुआत की गई है। इस इकाई में करीब 47 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है।
नई इकाई में एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API), फार्मास्युटिकल इंटरमीडिएट्स और फाइन केमिकल्स का निर्माण किया जाएगा। इस इकाई के शुरू होने से उज्जैन ही नहीं प्रदेशभर की औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ फार्मा सेक्टर में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कंपनी की इस इकाई के जरिए 300 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके अलावा सप्लाई चेन, परिवहन, पैकेजिंग और तकनीकी सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में भी रोजगार के अप्रत्यक्ष अवसर पैदा होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर छोटे-बड़े व्यवसायों और सेवा क्षेत्र को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे फार्मास्युटिकल उद्योग पर भी जोर दिया गया है। मालवा क्षेत्र को देश के प्रमुख फार्मा क्षेत्रों में शामिल करने की दिशा में औद्योगिक निवेश को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मध्यप्रदेश में मौजूदा समय में 300 से ज्यादा फार्मा इकाइयां सक्रिय हैं। राज्य के कुल निर्यात में फार्मा इलाके की हिस्सेदारी करीब 20 फीसदी बताई गई है। ऐसे में उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में नई फार्मा इकाई की शुरुआत प्रदेश में फार्मास्युटिकल उत्पादन और निवेश के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उज्जैन में औद्योगिक गतिविधियां तेज होने से इलाके के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ फार्मा से जुड़ी सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। नई इकाई के जरिए इलाके में फार्मास्युटिकल और फाइन केमिकल्स के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।