
Uproar Over Temple Demolition :मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के पंचमपुरा इलाके में बीती रात मंदिर विस्थापन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भीड़ द्वारा शुरु किए गए विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया। सड़क चौड़ीकरण के काम के बीच दो पक्षों के बीच शुरू हुई बहस के बीच अचानक पथराव और मारपीट शुरु हो गई। इस पूरे घटनाक्रम में एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए हैं, जबकि अन्य कई लोगों को भी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि, नगर निगम द्वारा शहर के पंचमपुरा इलाके में सड़क चौड़ीकरण का काम शुरु करने के लिए अतिक्रमण रोधी कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत कई अवैध निर्माण हटाने का काम किया जा रहा था। इन्हीं निर्माणों में एक मंदिर भी है, जिसे भी हटाना जरूरी है। प्रशासन ने पहले ही स्थानीय लोगों से इसकी अनुमति ले ली थी और कार्रवाई पर सहमति दर्ज करा दी थी।
लेकिन, आरोप है कि, प्रशासन की अतिक्रमण रोधी कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के ही एक परिवार ने इसका विरोध शुरु कर दिया। क्योंकि उनके मकान भी इस कार्रवाई के दायरे में आ रहा था तो उन्होंने मंदिर का हवाला देते हुए विरोध करने वाले परिवार ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को भी मौके पर बुला लिया।
मौके पर पहुंचे बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान वो रहवासी भी मौके पर आ पहुंचे, जो पहले ही मंदिर विस्थापन के पक्ष में अपनी सहमति दे चुके थे। ऐसे में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तो दोनो पक्षों के बीच काफी कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
हालात बिगड़ते देख नगर निगम की टीम को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग करते हुए हालात को नियंत्रण में लिया। अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पथराव में सब-इंस्पेक्टर अंकित बनोध घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि, पथराव में दोनों पक्षों के कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
वहीं, मामले को लेकर सीएसपी दीपिका शिंदे का कहना है कि, पंचमपुरा इलाके में नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और निगम की टीम के बीच विवाद की स्थिति बनी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि, इस घटनाक्रम में एक सब-इंस्पेक्टर भी चोटिल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
उन्होंने संख्त संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि, पूरे मामले की जांच शुरु कर दी गई है। घटना के कई वीडियो जुटाए जा रहे हैं। इस घटनाक्रम में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इलाके में दोबारा विवाद के हालात उत्पन्न न हों, इसके चलते जरूरी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।