
उन्नाव. ट्रांस गंगा सिटी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विगत कई माह से चल रहे विवाद में उस समय एक नया मोड़ आ गया जब गुलाबी गैंग की सम्पत पाल ने किसान नेताओं के साथ यूपीएसआईडीसी के कार्यालय पहुंच कर प्रोजेक्ट मैनेजर को अल्टीमेटम दे दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कोई न कोई निर्णय लें। बिना बात के काम नहीं चलेगा और गुण्डई से भी काम नहीं चलेगा। इस मौके पर किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी जिम्मेदार अधिकारियों से बातचीत नहीं होती है तो यूपीएसआईडीसी के कार्यालय में आगामी 31 अक्टूबर को ताला डाल दिया जायेगा। किसान साईड ऑफिस में अपना कब्जा कर लेगें। गौरतलब है यूपीएसआइडीसी और प्रशासन के खिलाफ शंकरपुर सराय सहित विभिन्न गांव के किसान विगत कई माह से आंदोलित है। इस बीच उन्होंने जिला प्रशासन का भी घेराव किया। परंतु कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया।
कमिश्नर के आदेश को लागू करने की मांग-
पूर्व की अखिलेश यादव सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक ट्रांस गंगा सिटी का महत्व औद्योगिक नगरी कानपुर से सटा होने के कारण और भी बढ़ जाता है। तमाम उद्योगपति, पुंजीपतियों ने अपने प्लॉट की बुकिंग करायी थी। परंतु सरकार के जाते ही सपा शासन की महत्वाकांक्षी योजना पर ग्रहण लग गया। अधिगृहित की गई जमीन पर दावा करने वाले किसानों ने कहा कि यूपीएसआईडीसी ने उनकी जमीन को बंजर दिखाकर कम कीमत में लिया है। जिसका वह लोग शुरू से विरोध कर रहे हैं। यूपीएसआईडीसी ने झूठ बोल कर जमीन को लिया है। किसानों का कहना है कि कमिश्नर ने जो आदेश किया है उस पर कार्यवाही करते हुये उनके आदेश को लागू किया जाये। किसान नेता हीरेन्द्र निगम ने कहा कि अपर आयुक्त ने यूपीएसआईडीसी द्वारा जमीन अधिग्रहण को रद्द कर किसानों को उनकी जमीन वापस करने के निर्देश दिये थे। परंतु यूपीएसआईडीसी उनके आदेश को नहीं मान रही है। अपर आयुक्त ने अपने आदेश में बताया था कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को नियमानुसार नहीं किया गया। इसके बाद भी यूपीएसआईडीसी काश्तकारों को जमीन वापस नहीं कर रही है।
गुलाबी गैंग संपत पाल ने प्रोजेक्ट मैनेजर से की बात
गुलाबी गेंग की सम्पत पाल ने यूपीएसआईडीसी के कार्यालय में पहुंच कर प्रोजेक्ट मैनेजर से बातचीत की। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा कि न तो आन्दोलन से काम चलेगा और न ही गुण्डई से। उन्होंने कहा कि आप इस बात का प्रयास करे जिससे हम लोग इस समस्या से बाहर निकले। अपने जिम्मेदार अधिकारी को बुलाये। जिससे उनसे बातचीत की जा सके। सम्पत पाल ने कहा कि मैं एई और जेई को नहीं मानती। आपको इस बात का स्पष्टीकरण देना पड़ेगा कि जमीन किस बात के लिये ली गयी है।
हीरेन्द्र निगम ने इस मोके पर कहा कि यदि आगामी 31 अक्टूबर तक यूपीएसआईडीसी के एमडी से बातचीत नहीं हो पाई तो यहां का साईड ऑफिस को बंद करवा कर किसान अपने कब्जे में ले लेगें। इस मोके पर सनोज यादव, डा. बी एन पाल, डा. ओम कार कटियार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। गौरतलब है कि किसानों के आंदोलन में गुलाबी गैंग व पूर्व सैनिक भी साथ देंगे।