महोबा. पिछले काफी दिनों से महोबा में दो गुलाबी गैंग होने की खबरों से नाराज विश्व विख्यात संपतपाल आज महोबा पहुंची और कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम अजय कुमार को ज्ञापन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक महिला संस्था चलाने के नाम पर गुलाबी गैंग के नाम को बदनाम कर रही है जबकि उसका गुलाबी गैंग से कोई लेना देना नहीं है। यहीं नहीं गुलाबी साड़ी का इस्तेमाल कर आम जनता और अधिकारीयों को भ्रमित किया जा रहा है जिससे उनकी गुलाबी गैंग की बदनामी हो रही है। संपतपाल ने डीएम अजय कुमार से इस मामले में उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके ऊपर होने वाले अत्याचारों को रोकने के लिए 2006 से संपतपाल द्वारा गुलाबी गैंग की शुरुआत की गई थी। आज ये संगठन देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान रखता है मगर अब दो गुलाबी गैंग होने से आम जनता और अधिकारी भी भ्रम की स्थिति में है। दरअसल महोबा जनपद में सुमन सिंह द्वारा एक गुलाबी गैंग चलाई जा रही है। तो वहीं दूसरी तरफ संपतपाल के नेतृत्व में फरीदा बेगम महोबा और बुन्देखण्ड में गुलाबी गैंग का काम देखती है। मगर अब दोनों ही धड़े आमने-सामने आ गए है। पिछले काफी दिनों से अख़बारों के माध्यम से सुमन सिंह गुलाबी गैंग का नाम प्रयोग कर धरना आदि कर रही है। इसी बात से आहत गुलाबी गैंग की राष्टीय कमांडर संपतपाल आज महोबा पहुंची और एक सैकड़ा महिलाओं के साथ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
संपतपाल ने डीएम अजय कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौपा और सुमन सिंह द्वारा गुलाबी गैंग नाम का इस्तेमाल करने और गुलाबी साडी के प्रयोग पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि गुलाबी गैंग का ट्रेड मार्क उनका है और वो पिछले 11 वर्षों से गुलाबी गैंग को संचालित कर महिलाओं के हक की लड़ाई को लड़ रही है। उन्होंने 2013 में सुमन सिंह को गैंग से बाहर कर दिया था। मगर तब से वो गुलाबी गैंग के नाम को इस्तेमाल कर अधिकारीयों और आम जनता में भ्रम पैदा कर रही है। उनके द्वारा गुलाबी गैंग का नाम लिए जाने से उनकी संस्था की बदनामी हो रही है। पूर्व में इसी मामले को लेकर कोतवाली महोबा में मुकदमा भी दर्ज हो चूका है लेकिन अभी भी उनके द्वारा उनकी संस्था के नाम के प्रयोग से उनकी गैंग को ठेस पहुंच रही है। संपतपाल ने डीएम अजय कुमार से इस मामलें में हस्तक्षेप करते हुए कार्यवहाई की मांग की है।
उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सुमन सिंह फर्जी गैंग चला रही, वो खूब करे लेकिन उनकी यूनिफार्म का इस्तेमाल न करें। वो जल्द ही हाई कोर्ट में जायेगी। इस पूरे मामले को लेकर डीएम अजय कुमार ने कहा कि संपतपाल ने ज्ञापन दिया है इस पर जांच होगी।