
8 kg silver, Rs 4.50 lakh cash recovered: उन्नाव पुलिस ने तीन लुटेरों को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 8 किलो चांदी, सोने के जेवर और 4.50 लाख रुपए नगदी बरामद हुई है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि लूट की घटना 8 जून 2026 की है। करीब 7:22 पर डायल 112 पर पुलिस को औरास थाना क्षेत्र में लूट की जानकारी मिली थी। लूट की घटना के खुलासे के लिए टीम लगाई गई थीं, इसके बाद यह सफलता मिली है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर खंजरी निवासी प्रभात कुमार पुत्र सुरेश चंद्र अपने भाई के साथ सोने-चांदी की दुकान को बंद करके वापस अपने घर जा रहे थे। बैग में चांदी से भरे आभूषण थे। उसी समय दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार लुटेरे आए और चांदी से भरा बैग छीनकर भाग गए। प्रभात कुमार ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर औरास थाना पुलिस पहुंच गई। पूछताछ के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि उन्होंने भी मौके का निरीक्षण किया था। घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया था। जिसमें स्वाट, साइबर और सर्विलांस को भी लगाया गया था। इस मामले में तीन की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि पहले वह रेकी करते थे। उसके बाद घटना को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में रंजीत पुत्र श्रीपाल निवासी पुरे संघई सिंह थाना जामो अमेठी, चंद्रशेखर पुत्र राम उजेर पाल निवासी पूरे गंगा पांडे जगदीशपुर अमेठी, आशीष कुमार उर्फ मुकेश कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी शांति मार्केट पालपुर जगदीशपुर अमेठी शामिल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है। जबकि दो के नाम प्रकाश में आए हैं। जिनको गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाई गई है। जिनके पास से 8.105 किलोग्राम चांदी के जेवर, 3.55 ग्राम सोने के जेवर, 4.50 लाख नगद रुपए भी बरामद किया गया है। घटना में शामिल मोटरसाइकिल जिस पर गलत नंबर दर्ज किया गया था को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
गिरफ्तारी के संबंध में एसएसपी ने बताया कि लखनऊ के मटियारी रोड पर टेल्को कंपनी है। बीआर दुबे कॉलोनी गुलाबी बिल्डिंग में किराए के कमरे में रहकर घटना को अंजाम देते थे। लूट का सामान बेचते समय सभी को गिरफ्तार किया गया है। सुनार आशीष के पास से भी जेवर बरामद हुए हैं।
पुलिस की पूछताछ में जानकारी हुई कि कुछ माल उसने दूसरे अभियुक्त से खरीदा है जो पैसा लेकर निकल चुका है। इसके अतिरिक्त रंजीत और चंद्रशेखर से भी माल खरीदा गया है। एसएसपी ने बरामद करने वाली टीम को 25 हजार से प्रस्तुत करने की घोषणा की है।