बलिया

बच्चे के साथ सो रही थी पत्नी, पति ने किए ताबड़तोड़ वार, सास को भी मार डाला, ससुर को किया घायल

Ballia double murder case : लव मैरिज के 2 साल बाद पति बना हैवान। मायके में सो रही पत्नी और सास की चाकू मारकर हत्या, ससुर गंभीर रूप से घायल। बच्चे को छीनने की कोशिश के दौरान दिया वारदात को अंजाम।

2 min read
Apr 26, 2026
पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या, PC- Patrika

बलिया : प्रीति को शायद उस रात अंदाजा भी नहीं था कि जिस इंसान से उसने चार साल पहले प्यार किया था, वही उसकी जान का दुश्मन बनकर आएगा। बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में बीती रात जो हुआ, वह दिल दहला देने वाला है। पिछले 10 दिनों से मायके में रह रही प्रीति के घर उसका पति अमित गुप्ता दबे पांव पहुंचा। सीधे उसके कमरे में घुसा और सोए बच्चे को छीनने की कोशिश करने लगा।

जब प्रीति ने विरोध किया, तो अमित ने चाकू निकाल लिया। उसने पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए। चीख-पुकार सुनकर मां सुशीला देवी और पिता अंतु गुप्ता दौड़े आए। लेकिन इस सिरफिरे ने बेटी को बचाने आई मां को भी नहीं बख्शा। सुशीला देवी की भी मौके पर ही मौत हो गई। ससुर अंतु गुप्ता ने जान बचाने की कोशिश की लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें

यूपी में बदला मौसम, सुबह से थी तेज धूप फिर शुरू हुई आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश

मृतका प्रीति की बहन ने बताया कि, 'बहन रो रही थी, मां दौड़ी आई- किसी ने सोचा भी नहीं था कि वह चाकू लेकर आया होगा। बच्चे को छीनने की आड़ में वह कत्ल करने आया था।'

प्रीति और अमित ने 2022 में लव मैरिज की थी। शुरुआत में सब ठीक लगा, लेकिन धीरे-धीरे रिश्ते में दरारें गहरी होती गईं। परिजनों के मुताबिक विदाई के बाद अमित प्रीति को अपने घर न ले जाकर कहीं और ले गया था और उसके साथ मारपीट करता था। तंग आकर प्रीति 10 दिन पहले अपने मायके आ गई थी। उसकी गोद में एक छोटा बच्चा भी था। अमित बच्चे को अपने साथ ले जाना चाहता था और रात के समय वह बच्चे को ले जाने के लिए आया था।

पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अमित गुप्ता फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। एक घर में दो लाशें, एक बच्चा मां के बिना यह सिर्फ एक अपराध की खबर नहीं है, यह उस दर्द की दास्तान है जो प्रीति की बहन की आंखों में है और उस बच्चे के माथे पर जो अभी समझ भी नहीं सकता कि क्या खो गया।

ये भी पढ़ें

आगरा में मशहूर यूट्यूबर के बेटे के साथ स्कूल में मारपीट, तीन दांत टूटे, मुंह से निकला खून
Published on:
26 Apr 2026 08:00 pm
Also Read
View All